
सरायकेला : चांडिल अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत टाटा-चांडिल-पुरुलिया मार्ग, पुराना एनएच-32 (नया एनएच-18) पर ग्राम जामडीह, तिल्ला-गुण्डा रोड क्रॉस चौक पर जन-मानस की सड़क सुरक्षा हेतु गति अवरोधक लगाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक, परियोजना कार्यान्वयन इकाई, दुर्गापुर/पुरुलिया को ज्ञापन सौंपा है।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में कहा है कि हम सभी अधोहस्ताक्षरी लोग ग्राम जामडीह, पोस्ट तिल्ला, थाना नीमडीह, जिला सरायकेला-खरसावां, झारखंड के निवासी हैं। एनएच-18 का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, इस कारण इस हाईवे पर गाड़ियों का परिचालन तेज गति से होने की संभावना है। विगत कुछ महीनों में नवीकरण रास्तों में अनेक दुर्घटनाएं घटी हैं, जिसमें अनेक लोगों की जानें गई हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि उक्त एनएच-18 पर जामडीह फ्लाई ओवर के समीप एक चौक है, जो इस हाईवे को तिल्ला और गुण्डा से रास्ता क्रॉस करती है, जिसमें प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का अपने दिनचर्या कार्य हेतु आना-जाना होता है। इस व्यस्त एनएच-18 पर दुर्घटना की प्रबल आशंका बढ़ती नजर आ रही है। इस स्थान पर एक गति अवरोधक का होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि सड़क पर जन-मानस की सुरक्षा संभव हो सके।
ग्रामीणों ने विशेष विनती की है कि जामडीह ओवर ब्रिज का परिचालन प्रारंभ होने के पूर्व ही जामडीह ओवर ब्रिज के समीप तिल्ला-गुण्डा क्रॉस रोड पर गति अवरोधक लगाने की यथाशीघ्र त्वरित कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने कहा कि इस जन-हित सड़क सुरक्षा में किए गए कार्य के लिए वे सधन्यवाद आभारी रहेंगे।
ग्रामवासियों ने बताया कि 14 नवंबर को निर्धारित समय अनुसार जामडीह ओवरब्रिज का उद्घाटन रक्षा मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ द्वारा किया जाएगा। इसके पूर्व ग्रामवासी एवं आम जन-मानस के लोगों ने मांग की है कि उद्घाटन से पूर्व स्पीड ब्रेकर लगाया जाए, ताकि चांडिल में सड़क दुर्घटना होने के बाद सड़क जाम जैसी समस्या से पूर्व ही सुरक्षा व्यवस्था की जा सके और उसके पश्चात उद्घाटन किया जाए।
इस संबंध में तिल्ला पंचायत एवं गुण्डा पंचायत के ग्रामवासियों ने संयुक्त रूप से एनएचएआई को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन पर सुरेश प्रसाद पारित, दीपक कुमार सिंह, सुशांत दाल, बैद्यनाथ सिंह, रविन्द्र कुमार, हरि राम सरदार, तारक नाथ दास, भास्कर महतो, सतीश महतो, जय सिंह, दुर्गा पदा कुमार, अमित कुमार, दुखु कुमार, सतीश कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने हस्ताक्षर किए हैं।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
