• Fri. Nov 13th, 2026

देव कार्तिक छठ मेला-2026 का भव्य शुभारंभ, लाखों श्रद्धालुओं के स्वागत में प्रशासन तैयार

admin's avatar

Byadmin

Nov 13, 2026
crescent ad

औरंगाबाद से अविनाश कुमार की रिपोर्ट

औरंगाबाद।सूर्य नगरी देव में शुक्रवार को देव कार्तिक छठ मेला-2026 सह भास्कर महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। सूर्यकुंड परिसर में आयोजित समारोह का उद्घाटन बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, प्रभारी मंत्री रमा निषाद, सांसद अभय कुमार सिन्हा, काराकाट सांसद राजाराम सिंह, विधान पार्षद दिलीप कुमार सिंह एवं जीवन कुमार, विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अमरपाली संगीत प्रशिक्षण केंद्र की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।13 से 16 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचेंगे,जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 10 आवासन स्थलों के साथ टेंट सिटी बनाई गई है। पेयजल, शौचालय, स्नानघर, प्रकाश एवं साफ-सफाई की व्यवस्था की गई है। यातायात एवं भीड़ नियंत्रण के लिए 56 ड्रॉप गेट, निर्धारित पार्किंग स्थल, मेडिकल टीम और नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं महिला पुलिस बल तैनात किए गए हैं। एनसीसी, स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवक भी सहयोग करेंगे।राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने घोषणा की कि देव में सैरात से संबंधित भूमि को मुक्त करने का निर्देश दिया गया है, जिससे श्रद्धालुओं एवं वाहनों को किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना पड़ेगा।

उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग से देव मंदिर तक पूरे वर्ष प्रकाश व्यवस्था कराने की पहल की बात कही। साथ ही मेले में सेवा देने वाले एनसीसी एवं स्काउट के 700 स्वयंसेवकों को प्रति बच्चे एक हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।मंत्री ने जिले के औद्योगिक विकास को लेकर बताया कि कुटुम्बा प्रखंड के सात गांवों में कुल 391 एकड़ भूमि के अधिग्रहण को मंजूरी दी गई है। यहां औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने का प्रस्ताव आगामी कैबिनेट की बैठक में रखा जाएगा। इससे रोजगार और आर्थिक विकास के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने औरंगाबाद में मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए भूमि आवंटन की जानकारी भी दी।

सांसद अभय कुमार सिन्हा ने देव के पर्यटन विकास पर जोर देते हुए सूर्यकुंड एवं रुद्रकुंड की व्यवस्था बेहतर बनाने तथा वाटर लेजर शो जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित करने का सुझाव दिया। उन्होंने उमंगा पहाड़, देवकुंड एवं गजना धाम के विकास के लिए समग्र रोडमैप तैयार करने की आवश्यकता बताई।प्रभारी मंत्री रमा निषाद ने कहा कि औरंगाबाद जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई एवं आधारभूत संरचना के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। जिले की समस्याओं का समाधान कर विकास योजनाओं को गति देने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने जिला प्रशासन की तैयारियों की सराहना की।समारोह में विधान पार्षदों एवं विधायकों ने भी देव की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए पर्यटन विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार से जुड़े सुझाव दिए। अंत में सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। बिहार गीत के साथ उद्घाटन समारोह का समापन हुआ। मौके पर जिला प्रशासन के पदाधिकारी, मंदिर न्यास समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed