
जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने एवं सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज NH-33 टाटा-रांची मार्ग पर चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पाटा टोल प्लाजा के समीप जिला परिवहन पदाधिकारी श्री शांकरचार्य सामद के नेतृत्व में नो पार्किंग के विरुद्ध विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे एवं प्रतिबंधित स्थलों पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। इस क्रम में कुल ₹92,650 (बानवे हजार छह सौ पचास रुपये) का जुर्माना लगाया गया।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनधिकृत पार्किंग के कारण यातायात बाधित होने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। विशेषकर भारी वाहनों को सड़क किनारे अथवा नो पार्किंग क्षेत्र में खड़ा करने से अन्य वाहन चालकों के आवागमन में परेशानी होती है तथा दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

उन्होंने वाहन चालकों एवं परिवहन संचालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करने, राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनधिकृत पार्किंग से बचने तथा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही निर्धारित गति सीमा के अनुरूप वाहन चलाने एवं सड़क पर आवागमन करने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखने की बात कही।
जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा स्पष्ट किया गया कि यातायात नियमों का उल्लंघन एवं सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध आगे भी नियमित रूप से जांच अभियान चलाकर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
