
आदित्यपुर । इंडियन फाउंडेशन फॉर क्वालिटी मैनेजमेंट (आईएफक्यूएम) और टाटा स्टील की टीक्यूएम टीम के संयुक्त तत्वावधान में आज संध्या समय आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर के सभागार में विशेष सेमिनार आहूत किया गया,
जिसमें एसिया, सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधियों सहित क्षेत्र के प्रमुख उद्यमियों ने भाग लिया. सेमिनार को संबोधित करते हुए टाटा स्टील के चीफ प्रोक्योरमेंट ऑफिसर (सीपीओ) रंजन कुमार सिन्हा ने कहा कि मेक इन इंडिया अभियान को सफल बनाने के लिए विनिर्माण की गुणवत्ता सर्वाेपरि है. उन्होंने बताया कि आईएफक्यूएम एक गैर-लाभकारी संगठन है, जो किफायती दरों पर बेहतरीन सलाहकारों के जरिए उद्योगों की गुणवत्ता यात्रा को संवारने में मदद करता है.
गुणवत्ता सुधार और वेस्टेज में कमी लाकर उद्यमी अपना मुनाफा, टर्नओवर और कर्मचारियों की संतुष्टि कई गुना बढ़ा सकते हैं. उन्होंने एक उदाहरण देते हुए बताया कि एक स्थानीय उद्यमी ने केवल वेस्टेज घटाकर एक करोड़ रुपये से अधिक की बचत की है. वहीं, टाटा स्टील से आईएफक्यूएम में प्रतिनियुक्त राहुल मल्लिक ने बताया कि संस्था का मुख्य ध्येय प्रधानमंत्री के विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करना है. उन्होंने बताया कि 9 संस्थापक सदस्यों से शुरू हुआ यह आंदोलन आज 65 सदस्यों तक पहुंच चुका है, जिसका उद्देश्य भारतीय उद्योगों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी और निर्यात सक्षम बनाना है. इस दौरान आईएफक्यूएम से पी कनियप्पन, नीतिश कुमार, टाटा स्टील से चीफ टीक्यूएम तृप्ति श्रीवास्तव और बसंत सुब्रमण्यम भी उपस्थित थे.
कार्यक्रम में आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एसिया) के अध्यक्ष इंदर कुमार अग्रवाल ने गुणवत्ता सुधार पर जोर देते हुए कहा कि आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की कई इकाइयां गुणवत्ता के अभाव में पिछड़ जाती हैं. अगर हमारे उत्पादों की गुणवत्ता विश्वस्तरीय होगी, तो उद्योगों को कभी नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा. इससे वैश्विक स्तर पर न केवल आदित्यपुर, बल्कि पूरे देश की औद्योगिक छवि मजबूत होगी. इस अवसर पर सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मानव केडिया, लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार शर्मा, आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एशिया) के पूर्व अध्यक्ष संतोष खेतान, महासचिव प्रवीण गुटगुटिया, ट्रस्टी राजीव रंजन मुन्ना, रतन लाल अग्रवाल, चतुर्भुज केडिया, सुधीर सिंह, राजकुमार संघी सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
