
सरायकेला :राजनगर-चाईबासा मुख्य मार्ग NH-220 पर बीती देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। हाइवा और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। इस हादसे में दो चालकों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य चालक घायल हैं।
घटना राजनगर-चाईबासा मुख्य मार्ग पर रोला-खैरबनी मोड़ के पास देर रात करीब 1 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाइवा और ट्रेलर की जोरदार टक्कर के बाद कुछ ही पलों में दोनों वाहन आग के गोले में बदल गए।

ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे चालक को गंभीर हालत में बाहर निकालकर चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।

टक्कर इतनी तेज थी कि आग एकदम से लग गई। कुछ समझने से पहले ही दोनों गाड़ियों में आग लग गई थी।
इसी दौरान पीछे से आ रहे दो अन्य ट्रेलर भी आपस में टकराकर सड़क किनारे खेत में पलट गए। इस दुर्घटना में दोनों चालक घायल हो गए हैं और उनका इलाज जारी है। इस तरह कुछ ही मिनटों में चार भारी वाहन हादसे की चपेट में आ गए।
सूचना पर राजनगर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने में करीब दो घंटे लगे। तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे। सुबह तक भी जले हुए ट्रेलर के पहियों से धुआं निकलता रहा।
पुलिस ने दोनों मृत चालकों के शव पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिए हैं।
इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों ने NH-220 को फोरलेन बनाने की मांग तेज कर दी है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है, लेकिन सड़क संकरी होने के कारण आए दिन गंभीर हादसे होते हैं।
स्थानीय लोगों ने केंद्र और राज्य सरकार से NH-220 को जल्द फोरलेन में बदलने और सड़क सुरक्षा के स्थायी इंतजाम करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रशासन से उम्मीद है कि इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और चौड़ीकरण को लेकर जल्द कदम उठाए जाएंगे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
