
चक्रधरपुर, 10 सितंबर 2026। चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के दलकी-02 गांव में 65 वर्षीय महिला को डायन बताकर उसके साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को पूछताछ एवं आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मामले में पीड़िता (65), पति जगदीश महली, निवासी दलकी-02, चक्रधरपुर के फर्दबयान के आधार पर चक्रधरपुर थाना कांड संख्या 98/2026, दिनांक 09 सितंबर 2026 दर्ज किया गया। प्राथमिकी में बीएनएस-2023 की धारा 115(2), 351(2), 74, 79, 3(5) तथा डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम-2001 की धारा 3/4 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पीड़िता ने अपने बयान में आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे डायन बताते हुए उसके साथ मारपीट की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी के निर्देशन में चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए दलकी-02 गांव पहुंचकर सभी नामजद आरोपियों को उनके घर से विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि वे पीड़िता को डायन मानते थे। आरोपियों के अनुसार सीमा मुण्डारी उर्फ चिकनी मुण्डारी की तबीयत खराब होने के कारण गुस्से में पीड़िता पर डायन और जादू-टोना करने का आरोप लगाकर उसके साथ मारपीट की गई।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीमा मुण्डारी उर्फ चिकनी मुण्डारी, नन्दलाल मुण्डारी उर्फ नीलु मुण्डारी, बाया मुण्डारी उर्फ लुदु मुण्डारी तथा राजु मुण्डारी उर्फ मोटु मुण्डारी के रूप में की है। सभी दलकी-02, चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का कोई पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं है।
छापामारी दल में एएसपी सह एसडीपीओ चक्रधरपुर डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी, थाना प्रभारी अवधेश कुमार, पु.अ.नि. प्रिया लक्ष्मी टुडू, स.अ.नि. बिरबल चौबे तथा स.अ.नि. दिलीप कुमार शामिल थे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
