• Tue. Oct 27th, 2026

अवदाब के प्रभाव से 27 से 30 अक्टूबर तक तेज हवा और भारी बारिश की संभावना, उपायुक्त ने जारी किया अलर्ट,गर्जन-वज्रपात को लेकर प्रशासन सतर्क, निचले इलाकों और जलनिकासी व्यवस्था पर विशेष निगरानी के निर्देश

Subhasish Kumar's avatar

BySubhasish Kumar

Oct 27, 2026
crescent ad
सरायकेला। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के प्रभाव से सरायकेला-खरसावां जिले में 27 से 30 अक्टूबर तक तेज हवा चलने तथा कहीं-कहीं गर्जन-वज्रपात के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
उपायुक्त ने नगर निकायों, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा है। साथ ही किसी भी आपात परिस्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने निचले इलाकों, जलजमाव की आशंका वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के साथ नालियों की सफाई एवं जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा है।
तेज हवा और भारी बारिश के दौरान पेड़ या अन्य संरचनाएं गिरने, बिजली के तार क्षतिग्रस्त होने तथा आवागमन बाधित होने की आशंका को देखते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है।
*बिजली के टूटे तारों से दूर रहने की अपील*
संभावित विद्युत व्यवधान और दुर्घटनाओं को देखते हुए विद्युत विभाग को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। बिजली के तार टूटने, खंभे गिरने या विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि टूटे बिजली के तारों और गिरे खंभों को न छुएं तथा उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखें। ऐसी स्थिति में तुरंत विद्युत विभाग को सूचना दें और क्षतिग्रस्त उपकरणों की मरम्मत स्वयं करने का प्रयास न करें।
*वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें*
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिलेवासियों से 27 से 30 अक्टूबर तक विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि गर्जन-वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों, बिजली के खंभों और विद्युत तारों के आसपास खड़े होने से बचें तथा किसी सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें। तेज हवा के दौरान कमजोर संरचनाओं और असुरक्षित होर्डिंग के आसपास भी नहीं रहें।
नदी-नालों, जलाशयों और जलजमाव वाले क्षेत्रों के पास विशेष सतर्कता बरतें तथा अनावश्यक रूप से जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचें।उपायुक्त ने नागरिकों से मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं पर ध्यान देने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन को तत्काल सूचित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मौसम के दौरान प्रत्येक नागरिक की सतर्कता महत्वपूर्ण है। लोग अपनी सुरक्षा के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *