
आदित्यपुर। जेपीएससी एवं जेएसएससी प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में रांची में चल रहे छात्र आंदोलन को भाजपा नेता बबलू कुमार शर्मा ने समर्थन दिया है।
उन्होंने राज्य सरकार से छात्रों की सभी जायज मांगों को अविलंब स्वीकार करने तथा मामले में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
बबलू शर्मा ने कहा कि सरकारी विभागों में विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा की जानी चाहिए और योग्य एवं मेधावी झारखंडी युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं को रोजगार के लिए पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया मिलना उनका अधिकार है।
उन्होंने जाति एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) प्रमाण-पत्र बनाने में छात्रों को हो रही परेशानियों का भी उल्लेख करते हुए सरकार से इसके त्वरित समाधान की मांग की। उनका कहना था कि प्रमाण-पत्र संबंधी समस्याओं के कारण अनेक छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं एवं अन्य अवसरों से वंचित हो रहे हैं।
भाजपा नेता ने सभी छात्र संगठनों से अपील की कि वे सरकार के साथ होने वाली वार्ताओं में इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाएं, ताकि छात्रों के हितों की रक्षा हो सके और उन्हें न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेना चाहिए।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

