
आदित्यपुर टाटा-कांड्रा मार्ग के सर्विस रोड पर हुए अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। उपायुक्त के निर्देश पर बीते शुक्रवार से शुरू हुआ अतिक्रमण हटाओ अभियान मंगलवार को एक बार फिर पूरे जोर-शोर के साथ चलाया गया।
करीब पांच घंटे तक चिलचिलाती धूप में प्रशासनिक टीम मैदान में डटी रही और सर्विस रोड के दोनों ओर हुए अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलता रहा। अभियान की अगुवाई आदित्यपुर नगर निगम की उपनगर आयुक्त पारुल सिंह कर रही थीं।
उनके साथ आवास बोर्ड की कार्यपालक अभियंता उत्पला सरदार, आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की, ट्रैफिक प्रभारी राजू, सिटी मैनेजर रवि भारती, गम्हरिया प्रखंड और नगर निगम के अमीन सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। कार्रवाई एस-टाइप चौक से शुरू होकर इमली चौक, शेर-ए-पंजाब, आकाशवाणी चौक होते हुए आशियाना चौक तक चली।
इस दौरान सर्विस रोड के दोनों ओर अतिक्रमण की जद में आए अधिकांश अवैध निर्माणों को हटाया गया। कई जगह हल्की नोकझोंक भी हुई, लेकिन प्रशासनिक सख्ती के आगे विरोध ज्यादा देर तक टिक नहीं सका। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सरकारी सड़क और सर्विस रोड पर किसी भी तरह का अतिक्रमण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अतिक्रमणकारियों को सुनिश्चित करना होगा कि उनकी वजह से आम लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि नगर निगम फुटपाथ दुकानदारों के लिए वेंडिंग जोन विकसित करने को लेकर गंभीर है, ताकि छोटे दुकानदारों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही लोगों से प्रशासन को सहयोग करने की अपील भी की गई।
सूत्रों के अनुसार अभियान के दौरान कई बार कार्रवाई रोकने का दबाव भी बनाया गया, लेकिन उपायुक्त और एसडीओ के स्पष्ट निर्देश के कारण अभियान नहीं रुका। सोमवार को स्थानीय विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री Champai Soren ने भी सर्विस रोड से अतिक्रमण हटाने का समर्थन किया था और फुटपाथ दुकानदारों से नाले से पीछे हटकर दुकान लगाने की अपील की थी। इसके बाद मंगलवार को प्रशासन और अधिक सख्ती के साथ मैदान में उतरा। अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने भी विशेष जांच अभियान चलाया और सड़क व सर्विस रोड पर खड़े वाहनों का चालान काटा। ट्रैफिक प्रभारी राजू ने वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोबारा सड़क या सर्विस रोड पर वाहन खड़े मिले तो वाहन जब्त कर जुर्माना वसूला जाएगा।
इधर आशियाना चौक में आवास बोर्ड की जमीन पर हुए अतिक्रमण को हटाने के दौरान प्रशासनिक टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। इस पर आवास बोर्ड ने संबंधित लोगों को दोबारा नोटिस जारी करने की बात कही है। प्रशासन ने स्थानीय पुलिस और नगर निगम को स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिन जगहों से अतिक्रमण हटाया गया है वहां दोबारा कब्जा न होने पाए। बुधवार को भी अभियान जारी रहने की संभावना जताई जा रही है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
