• Tue. Nov 24th, 2026

सोनुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.04 किलो अवैध अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

admin's avatar

Byadmin

Nov 24, 2026
crescent ad

 

चक्रधरपुर/सोनुआ : पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोनुआ थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 1.04 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल, तीन स्मार्टफोन तथा अन्य संबंधित कागजात भी जब्त किए हैं।

 

जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर को सोनुआ थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से अवैध अफीम लेकर सोनुआ बाजार की ओर आ रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चाईबासा अमित रेणु के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चक्रधरपुर डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।

 

इसके बाद पुलिस टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए सोनुआ बाजार से पनसुआ डैम जाने वाली मुख्य सड़क पर बांजीकुसुम मोड़ के समीप वाहन जांच एवं निगरानी शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में उनके पास मौजूद एक बैग से कुल 1.04 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।

 

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अवैध अफीम की खेती एवं खरीद-बिक्री में पिछले तीन से चार वर्षों से संलिप्त रहने की बात स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि इसी अवैध कारोबार से होने वाली कमाई से उनका जीवनयापन चलता था। पुलिस को आशंका है कि दोनों आरोपी अफीम के अवैध कारोबार से जुड़े बड़े नेटवर्क का हिस्सा हैं।

 

इस मामले में सोनुआ थाना कांड संख्या 40/2026, दिनांक 23.11.2026 के तहत NDPS Act की धारा 18/25/27B/29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की गई है।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

 

1. कुँवर सिंह गागराई (38 वर्ष), पिता स्वर्गीय गोमिया गागराई, ग्राम उदलकम, थाना सोनुआ।

2. रेला होरो उर्फ रेला कच्छप (20 वर्ष), पिता एतवा होरो, ग्राम रुआवली, थाना गुदड़ी।

 

ये सामान हुए जब्त

 

पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.04 किलोग्राम अवैध अफीम, एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, विभिन्न कंपनियों के तीन स्मार्टफोन, अन्य संबंधित कागजात तथा आरोपियों की निशानदेही पर पूर्व की आपराधिक गतिविधियों से संबंधित डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं।

 

अवैध कारोबार के नेटवर्क की जांच जारी

 

पुलिस द्वारा मामले का अनुसंधान किया जा रहा है। जांच के दौरान अवैध अफीम के स्रोत, खरीद-बिक्री, परिवहन तथा इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता का पता लगाया जा रहा है। वहीं, इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण सूचना उपलब्ध कराने वाले सूचनादाता को झारखंड सरकार की पुरस्कार नीति के तहत नियमानुसार नकद राशि से पुरस्कृत करने की प्रक्रिया भी की जा रही है।

 

*छापामारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी*

 

छापामारी दल में सोनुआ थाना प्रभारी पु० अ० नि० शशि बाला भंगरा, गोईलकेरा थाना प्रभारी पु० अ० नि० विक्रांत मुंडा, सोनुआ थाना के स० अ० नि० घनश्याम केराई एवं सोनुआ थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *