
सरायकेला-खरसावां : जिले के चौका थाना परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक थाना के अंदर वीडियोग्राफी करता नजर आ रहा है। पुलिस पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया जा रहा है। लेकिन दोनों पक्षों की शिकायत और पुलिस के पत्र से कहानी का दूसरा पहलू सामने आया है।
*दो पक्ष, दो आरोप*

खुंटी निवासी अस्मित राज ने शिकायत में कहा कि 19 नवंबर की रात उसका हाइवा (JH05CM0586) चांदूडीह में खड़ा था। पातकुम निवासी अभिषेक कुमार आदित्यदेव ने चालक से चाबी ले ली। अस्मित का आरोप है कि अभिषेक ने 30 हजार रुपये की रंगदारी मांगी थी।

वहीं अभिषेक ने 20 नवंबर को शिकायत में कहा कि उसने 3 अक्टूबर को अस्मित को 30 हजार रुपये उधार दिए थे। रुपये मांगने पर अस्मित ने लौटाने से इनकार कर दिया और वाहन से कुचलने की धमकी दी। अभिषेक ने 20 नवंबर को चाबी थाना में सौंप दी।
*चाबी पुलिस के पास, फिर भी हाइवा से बालू गायब*
जांच में पता चला कि हाइवा में बालू लोड थी। चौका पुलिस ने चांडिल अंचलाधिकारी और जिला खनन पदाधिकारी को पत्र लिखकर चांदूडीह स्थित चंदन गुप्ता के बालू स्टॉक यार्ड की जांच का अनुरोध किया है।
पुलिस के पत्र के अनुसार, स्टॉक यार्ड संचालक और अस्मित की मिलीभगत से डुप्लीकेट चाबी से हाइवा चालू कर बालू खाली करा दी गई, जबकि असली चाबी पुलिस के पास थी। बाद में पुलिस वाहन को थाना ले आई।
पुलिस के अनुसार, दस्तावेज मांगने पर स्टॉक यार्ड संचालक ने कहा कि बालू उन्होंने ही खाली करवाई है, पुलिस को जो करना है कर ले।
*थाना प्रभारी का पक्ष : बिना अनुमति वीडियो बनाने से रोका, दुर्व्यवहार नहीं किया*
चौका थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह ने कहा कि 19 तारीख की रात करीब 9 बजे एक लड़का थाना आया और आवेदन दिया कि एक लड़के ने उसकी गाड़ी की चाबी छीन ली है और 30 हजार रुपये की मांग कर रहा है।
उन्होंने कहा कि आवेदन पर जांच चल रही थी। इसी दौरान युवक ने आकर पूछा कि उसके आवेदन पर क्या कार्रवाई हुई। इसके बाद उसने जबरदस्ती वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी।
थाना प्रभारी ने कहा कि युवक अचानक चैंबर में घुसकर बिना अनुमति के वीडियो बनाने लगा। उसे मना किया गया कि आप वीडियो रिकॉर्डिंग नहीं कीजिए। थाना, डीएसपी कार्यालय, एसपी कार्यालय में हर जगह ऐसे रिकॉर्डिंग होने लगे तो काम कैसे होगा। ऑफिस की प्राइवेसी पॉलिसी भी होती है।
उन्होंने कहा कि युवक के साथ दुर्व्यवहार नहीं किया गया, सिर्फ वीडियो बनाने से मना किया गया। उसे कहा गया कि थाना में आकर इस तरह गुंडागर्दी नहीं कर सकते हैं, जांच चल रही है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर थाना में विधिवत सनहा दर्ज किया गया है।
अब बालू की वैधता, स्टॉक यार्ड के दस्तावेज और वीडियो में दिखे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच जरूरी है। फिलहाल किसी को दोषी ठहराना जल्दबाजी होगी।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
