
जमशेदपुर । साकची स्थित सुलभ इंटरनेशनल परिसर में केक काटकर विश्व शौचालय दिवस मनाया गया। हर साल की परंपरा के अनुसार आयोजित इस कार्यक्रम में स्वच्छता का संदेश दिया गया और सार्वजनिक शौचालयों को साफ-सुथरा रखने में आम लोगों की भागीदारी को जरूरी बताया गया। कार्यक्रम में जुस्को के एसडीएम विभाग के मैनेजर योगेश राणा, जुस्को पब्लिक हेल्थ विभाग से सराफत, जेएनएसी के नोडल पदाधिकारी ज्योति पूंज पांडेय तथा सुलभ इंटरनेशनल के जोनल हेड संजय झा सहित बड़ी संख्या में सफाईकर्मी भी उपस्थित रहे।
इस दौरान पदाधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता बनाए रखना केवल सफाईकर्मियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसका इस्तेमाल करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का भी दायित्व है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति सफाई करता है, जबकि हजारों लोग उस स्थान का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में यदि उपयोग करने वाले लोग स्वच्छता के निर्धारित मानकों का पालन करें और गंदगी फैलाने से बचें, तो सार्वजनिक शौचालयों को साफ रखना आसान हो जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि शौचालयों का इस्तेमाल करने के बाद सफाई का ध्यान रखें,

पानी की बर्बादी न करें और सार्वजनिक सुविधाओं को अपनी संपत्ति समझकर उनका संरक्षण करें। स्वच्छता केवल सफाईकर्मियों के प्रयास से नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी और नागरिक अनुशासन से संभव है। वहीं संजय झा ने कहा कि सुलभ इंटरनेशनल के सभी शौचालयों में स्वच्छता का संदेश देने वाले पोस्टर लगाए गए हैं और हमारे सभी स्टॉफ सभी मापदंडों का पूरा पालन करते हैं। उन्होंने कहा कि विश्व शौचालय दिवस हर साल 19 नवंबर को मनाया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 2001 में सिंगापुर से हुई थी।

इसके बाद 24 जुलाई 2013 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 19 नवंबर को आधिकारिक तौर पर विश्व शौचालय दिवस घोषित किया। तब से वर्ल्ड टॉयलेट ऑर्गनाइजेशन ने 19 नवंबर को इस दिवस के रूप में स्थापित किया ।
इसके संस्थापक जैक सिम ने दुनिया भर में स्वच्छ शौचालयों और बेहतर स्वच्छता व्यवस्था की जरूरत को वैश्विक चर्चा का विषय बनाने की पहल की थी। इस मौके पर सुलभ इंटरनेशनल के सभी शौचालयों में स्वच्छता का संदेश देने वाले पोस्टर भी लगाए गए ।
इस दिवस का उद्देश्य केवल शौचालयों के इस्तेमाल को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि सुरक्षित और स्वच्छ शौचालयों की उपलब्धता, स्वच्छता, स्वास्थ्य, महिलाओं की गरिमा और खुले में शौच की समस्या के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य-6 में वर्ष 2030 तक सभी के लिए स्वच्छ पानी और पर्याप्त स्वच्छता सुविधाएं सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
