
*यजमान नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने सपत्नीक माता एवं परिवार के साथ किया भागवत पूजन एवं व्यास पूजन*
*सरायकेला।* कार्तिक मास एवं कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर रानी सती समिति, सरायकेला द्वारा रानी सती मंदिर परिसर में आयोजित पांच दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का पांचवें एवं अंतिम दिन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के बीच भव्य समापन हुआ। अंतिम दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कथा, भजन और संगीतमय प्रवचन के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में झूमते नजर आए।

पांचवें एवं अंतिम दिन के यजमान नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष एवं रानी सती मंदिर समिति के सचिव *मनोज कुमार चौधरी* ने अपनी धर्मपत्नी, माता एवं परिवार के अन्य सदस्यों के साथ विधि-विधानपूर्वक श्रीमद्भागवत पूजन, व्यास पूजन एवं आरती कर कथा का शुभारंभ करवाया।

राजस्थान से पधारे सुप्रसिद्ध कथा व्यास *पूज्य विकास चंद्र शास्त्री जी महाराज* ने अपने संगीतमय प्रवचन में श्रीमद्भागवत के अंतिम दिन के विभिन्न मार्मिक एवं प्रेरणादायक प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया।
महाराज श्री ने भगवान श्रीकृष्ण और उनके परम मित्र सुदामा की मित्रता का भावपूर्ण प्रसंग सुनाते हुए कहा कि सच्ची मित्रता में कभी धन-दौलत, ऊंच-नीच और स्वार्थ का स्थान नहीं होता। भगवान श्रीकृष्ण ने अपने बालसखा सुदामा के प्रति जिस प्रेम, आत्मीयता और सम्मान का परिचय दिया, वह संसार के लिए मित्रता और निस्वार्थ प्रेम की सबसे बड़ी मिसाल है। भगवान भक्त के धन और वैभव को नहीं, बल्कि उसके निर्मल मन और सच्चे भाव को देखते हैं। सुदामा के मुट्ठी भर चावल को भगवान ने जिस प्रेम से स्वीकार किया, वह भक्त और भगवान के बीच अटूट संबंध का प्रतीक है।
इसके बाद महाराज श्री ने उद्धव प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि केवल ज्ञान और बुद्धि से ही भगवान की प्राप्ति संभव नहीं है, बल्कि निष्काम प्रेम और समर्पण से भक्ति का मार्ग प्रशस्त होता है। भगवान श्रीकृष्ण ने उद्धव जी को भक्ति, वैराग्य और जीवन के वास्तविक उद्देश्य का संदेश दिया। उन्होंने समझाया कि मनुष्य को अहंकार और मोह का त्याग कर परमात्मा के चरणों में अपना जीवन समर्पित करना चाहिए।
महाराज श्री ने यदुवंश के अंत एवं भगवान श्रीकृष्ण के स्वधाम गमन के प्रसंग का वर्णन करते हुए कहा कि संसार में कोई भी वस्तु स्थायी नहीं है। समय के साथ सब कुछ परिवर्तनशील है। मनुष्य को अपने जीवन में धर्म, सदाचार, सेवा और भक्ति को सर्वोच्च स्थान देना चाहिए। भगवान श्रीकृष्ण की पृथ्वी पर अवतार लीला का समापन भी मानव जीवन को अनासक्ति और ईश्वर के प्रति समर्पण का संदेश देता है।
कथा के अंतिम चरण में राजा परीक्षित के मोक्ष प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया गया। महाराज श्री ने बताया कि राजा परीक्षित ने अपने जीवन के अंतिम सात दिनों में शुकदेव जी के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर अपने जीवन को धन्य बनाया। इससे यह संदेश मिलता है कि सच्चे मन से भगवान की कथा का श्रवण, नाम-स्मरण और भक्ति मनुष्य के जीवन को पवित्र बनाते हैं तथा उसे मोक्ष के मार्ग की ओर ले जाते हैं।
शुकदेव जी द्वारा भागवत ज्ञान प्रदान करने एवं कथा के उपसंहार के प्रसंग के साथ पांच दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का समापन हुआ। महाराज श्री ने अपने संदेश में कहा कि कलियुग में भगवान के नाम का स्मरण, सत्संग और सेवा ही मानव जीवन को सार्थक बनाने का सरल मार्ग है। मनुष्य को आपसी ईर्ष्या, द्वेष और अहंकार छोड़कर एक-दूसरे के प्रति प्रेम, सद्भावना और करुणा का भाव रखना चाहिए। सच्ची भक्ति वही है, जिसमें मानव मात्र के प्रति प्रेम और सेवा की भावना हो।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला और संस्कारों की अमूल्य शिक्षा है। भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता हमें निस्वार्थ प्रेम, उद्धव प्रसंग हमें भक्ति और ज्ञान का महत्व तथा राजा परीक्षित का प्रसंग हमें जीवन के अंतिम समय तक ईश्वर का स्मरण करने की प्रेरणा देता है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना, आपसी प्रेम, सद्भाव और संस्कारों का संचार होता है।
पांच दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। अंतिम दिन कथा के समापन के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक आनंद का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर रानी सती मंदिर के मुख्य पुजारी संजय पाठक, ट्रस्टी राजकुमार अग्रवाल, संजय सेक्सरिया, अरुण सेक्सरिया, मोहन सेक्सरिया, निर्मला त्रिपाठी, प्रशांत महापात्र, अनिल मिश्रा, किशोर शर्मा, रमेश सेक्सरिया, संजय अग्रवाल, भोला महंती, प्रेम अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, गौर गोविंद शाह, संतोष चौधरी, कमल चौधरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, समिति के सदस्य एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालु उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों एवं युवाओं की सहभागिता ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ाया।
पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं की सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
