
सरायकेला। कार्तिक मास एवं कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर रानी सती समिति, सरायकेला द्वारा रानी सती मंदिर परिसर में आयोजित पांच दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के तीसरे दिन बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के बीच कथा का विधिवत शुभारंभ हुआ। तीसरे दिन के यजमान अरुण सेकसरिया एवं सरोज सेकसरिया ने अपनी माता तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ विधि-विधानपूर्वक श्रीमद्भागवत पूजन, व्यास पूजन एवं आरती कर कथा का शुभारंभ करवाया।
राजस्थान से पधारे सुप्रसिद्ध कथा व्यास पूज्य विकास चंद्र शास्त्री जी महाराज ने अपने संगीतमय प्रवचन में श्रीमद्भागवत महापुराण की महिमा, मानव जीवन का उद्देश्य, भक्ति, ज्ञान, वैराग्य तथा जड़-चेतन के आध्यात्मिक रहस्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

महाराज श्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाला दिव्य मार्गदर्शक है। इसके श्रवण एवं मनन से मनुष्य के भीतर भक्ति, ज्ञान, वैराग्य, प्रेम, करुणा और सदाचार जैसे गुणों का विकास होता है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन का वास्तविक उद्देश्य केवल भौतिक सुख-सुविधाओं की प्राप्ति नहीं, बल्कि ईश्वर के प्रति समर्पण, सद्कर्म और आत्मिक शांति की प्राप्ति है। भक्ति के माध्यम से मनुष्य अपने जीवन को सार्थक बना सकता है।

उन्होंने भक्ति और वैराग्य के महत्व को समझाते हुए कहा कि संसार में रहते हुए भी मनुष्य को मोह-माया से ऊपर उठकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। ईश्वर के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्काम भाव से की गई सेवा ही जीवन को पवित्र बनाती है।
रानी सती दादी का जन्मोत्सव धूमधाम से मना
कथा के दौरान रानी सती दादी का जन्मोत्सव भी बड़े हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर केक काटकर दादी का जन्मोत्सव मनाया गया तथा भक्तों ने भजन-कीर्तन के माध्यम से अपनी श्रद्धा एवं भक्ति अर्पित की। मंदिर परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। दादी के भजनों एवं मधुर संगीत पर महिला एवं पुरुष श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। पूरा कथा पंडाल भक्तिरस में सराबोर नजर आया।
गणमान्य लोगों ने किया कथा श्रवण
इस धार्मिक आयोजन में नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष एवं रानी सती मंदिर समिति के सचिव मनोज कुमार चौधरी अपनी माता एवं धर्मपत्नी के साथ उपस्थित होकर कथा श्रवण किया। इसके अलावा राजकुमार अग्रवाल, संजय सेकसरिया, मनबोध मिश्रा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालु उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों एवं युवाओं की सहभागिता ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।
कथा के समापन के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। मंदिर परिसर में पूरे समय भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
20 नवंबर तक चलेगा श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ
रानी सती समिति के आयोजकों ने बताया कि पांच दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन 20 नवंबर तक किया जाएगा। प्रतिदिन संध्या 5 बजे से 7 बजे तक कथा व्यास पूज्य विकास चंद्र शास्त्री जी महाराज द्वारा संगीतमय प्रवचन किया जा रहा है।
समिति ने सरायकेला एवं आसपास के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार कथा में उपस्थित होकर श्रीमद्भागवत का श्रवण करने तथा पुण्य एवं धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
