
सरायकेला खरसावां जिला के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के रावतरा मोड़ पर ट्रेलर ने युवक को कुचला, दर्दनाक मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-18 किया जाम, गर्भवती पत्नी को सरकारी नौकरी, परिवार को उचित मुआवजा और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग, सड़क जाम से एनएच-18 पर करीब 10 किलोमीटर तक लगी वाहनों की लंबी कतार
राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर चांडिल प्रखंड का रावतरा मोड़ एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से रावतरा निवासी अभिजीत गोराई (26) की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर एनएच-18 जाम कर दिया। ग्रामीणों ने मृतक की गर्भवती पत्नी को सरकारी नौकरी देने, परिवार को उचित मुआवजा देने और रावतरा मोड़ पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।

जानकारी के अनुसार, अभिजीत मंगलवार सुबह चांडिल जाने के लिए एनएच-18 के किनारे खड़ा था। इसी दौरान चांडिल से पुरुलिया की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा में पहुंचा और उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में अभिजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय ग्रामीण उसे टाटा मेन अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीण शव लेकर घटनास्थल पहुंचे और सड़क पर रखकर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया।

सुबह करीब नौ बजे शुरू हुआ सड़क जाम दोपहर एक बजे तक जारी रहा। इस दौरान एनएच-18 के दोनों ओर करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम हटाने को लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई।
अभिजीत की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसकी पत्नी गर्भवती है। पति की मौत की खबर सुनने के बाद वह बार-बार बेहोश हो रही थी। परिजनों के करुण विलाप से घटनास्थल पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि रावतरा मोड़ दुर्घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है। आए दिन यहां सड़क हादसे हो रहे हैं। रविवार को भी टेंपो की चपेट में आने से एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हुआ था। इसके बावजूद एनएचएआई की ओर से सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष तरुण महतो भी ग्रामीणों के समर्थन में धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए। ग्रामीणों ने प्रशासन और एनएचएआई से रावतरा मोड़ पर गति नियंत्रण के उपाय, चेतावनी संकेतक, सुरक्षा अवरोधक और अन्य आवश्यक सड़क सुरक्षा व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने की मांग की।
घटनास्थल पर नीमडीह के बीडीओ कुमार एस. अभिनव, डीएसपी मुख्यालय दुसरु बान सिंह, नीमडीह थाना प्रभारी डिलसन बिरुआ, चांडिल थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी और ईचागढ़ थाना प्रभारी वरुण यादव सहित अन्य अधिकारी पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया। ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
