
सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत ईचाडीह बाबूडीह में एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र की कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया। रोमांचक मुकाबलों के बीच खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन करते हुए जूनियन स्पोर्टिंग की टीम ने प्रथम पुरस्कार पर कब्जा जमाया, जबकि मास्टर स्पोर्टिंग की टीम को द्वितीय पुरस्कार से संतोष करना पड़ा।

प्रतियोगिता में प्रवेश शुल्क 4,501 रुपये निर्धारित किया गया था। विजेता जूनियन स्पोर्टिंग टीम को 30,001 रुपये नकद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं, उपविजेता मास्टर स्पोर्टिंग टीम को 20,001 रुपये नकद एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। प्रतियोगिता के दौरान मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी और स्थानीय ग्रामीण जुटे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय सचिव गोपेश महतो उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। फुटबॉल जैसे खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है। उन्होंने युवाओं से खेल के प्रति रुचि बनाए रखने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर खेल और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपील की।
इस अवसर पर पूर्व जिप उपाध्यक्ष अशोक साव, राजपरिवार के सदस्य कल्याण चंद्र सिंह, ईचाडीह पंचायत के मुखिया चित्तरंजन सिंह मुंडा, ग्राम प्रधान रघुबर कुमार, पंचायत समिति सदस्य मंगल मुंडा, जेएलकेएम के जिला प्रवक्ता विष्णु महतो, आयोजन समिति के सदस्य सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं खेलप्रेमी उपस्थित थे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
