• Sat. Oct 31st, 2026

आयकर विभाग के सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अवसर पर गीता थिएटर ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया सत्यनिष्ठा और ईमानदारी का संदेश

admin's avatar

Byadmin

Oct 31, 2026
crescent ad

 

जमशेदपुर, 31 अक्टूबर 2026। भारत सरकार के आयकर विभाग, जमशेदपुर द्वारा संचालित सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के अंतर्गत शनिवार को शहर के जुबली पार्क में गीता थिएटर जमशेदपुर के युवा कलाकारों द्वारा “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” विषय पर आधारित मनोरंजक एवं प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी गई।

 

यह कार्यक्रम प्रधान आयकर आयुक्त, समीक्षा इकाई-1, जमशेदपुर के कार्यालय द्वारा आयोजित सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम का हिस्सा था। विभाग की ओर से गीता थिएटर को इस अवसर पर लगभग 20 मिनट का लघु नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करने का कार्यादेश दिया गया था।

 

नाटक में हास्य, व्यंग्य और प्रभावशाली संवादों के माध्यम से सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी, काम करवाने के लिए दलालों का सहारा लेने तथा अनुचित लाभ प्राप्त करने जैसी सामाजिक बुराइयों को दर्शाया गया। नाटक की कहानी एक आम नागरिक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपना जायज काम करवाने सरकारी कार्यालय पहुँचता है, लेकिन उसे रिश्वत और दलाली जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। वहीं एक जागरूक युवा और ईमानदार अधिकारी अपने संवादों के माध्यम से भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज उठाते हुए सत्यनिष्ठा एवं पारदर्शिता का महत्व समझाते हैं।

 

नाटक में कलाकारों ने यह संदेश दिया कि भ्रष्टाचार केवल रिश्वत लेने से ही नहीं, बल्कि गलत काम करवाने के लिए रिश्वत देने से भी बढ़ता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को न तो रिश्वत लेनी चाहिए और न ही रिश्वत देनी चाहिए। सरकारी सेवाओं के निर्धारित शुल्क की रसीद लेने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा भ्रष्टाचार की स्थिति में उचित आधिकारिक माध्यम से शिकायत करने की अपील भी की गई।

 

नुक्कड़ नाटक के प्रमुख पात्र एवं भूमिकाएँ-

देवु सिंह सरदार – सूत्रधार – नाटक का संचालन एवं सामाजिक संदेश प्रस्तुत करने वाला।

प्रेम दीक्षित – घूसखोर बाबू – सरकारी कार्यालय में रिश्वतखोरी को दर्शाने वाला पात्र।

रूपेश कुमार – भोला आम आदमी – अपने जायज काम के लिए संघर्ष करने वाला आम नागरिक।

आयुष चौरसिया – चमचा दलाल – भ्रष्टाचार एवं दलाली की प्रवृत्ति को दर्शाने वाला पात्र।

गीता कुमारी – ईमानदार अधिकारी – सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही का संदेश देने वाला पात्र।

गंगा मंडल – जागरूक युवा – भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज उठाने एवं नागरिकों को जागरूक करने वाला पात्र।

 

इस अवसर पर उपस्थित आयकर अधिकारी श्री सिद्धार्थ कुमार पांडेय ने कहा कि सतर्कता जागरूकता का उद्देश्य केवल भ्रष्टाचार के प्रति लोगों को सचेत करना ही नहीं, बल्कि समाज में ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना भी है। प्रत्येक नागरिक को अपने व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक जीवन में सत्यनिष्ठा को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नुक्कड़ नाटक जैसे रचनात्मक माध्यम आम लोगों तक सामाजिक संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कला और रंगमंच के माध्यम से युवाओं की सहभागिता इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का एक सराहनीय प्रयास है।

 

 

नाटक के अंतिम दृश्य में कलाकारों ने उपस्थित दर्शकों के साथ भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूक नागरिक बनने और अपने व्यक्तिगत एवं सामाजिक जीवन में ईमानदारी अपनाने का संकल्प लिया और संवाद के माध्यम से कार्यक्रम का मुख्य संदेश बताया कि “न रिश्वत लेंगे, न रिश्वत देंगे, सत्यनिष्ठा के रास्ते पर आगे बढ़ेंगे।”

 

साथ ही कलाकारों ने नारे लगाए—

“सतर्क नागरिक – मजबूत नागरिक!”

“सत्यनिष्ठा अपनाओ – समृद्ध भारत बनाओ!”

“ईमानदारी हमारी पहचान, सत्यनिष्ठा से देश महान!”

 

 

गीता थिएटर जमशेदपुर के प्रतिनिधियों ने इस महत्वपूर्ण जन-जागरूकता कार्यक्रम में अपनी कला के माध्यम से सहभागिता का अवसर प्रदान करने के लिए भारत सरकार के आयकर विभाग, जमशेदपुर के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। संस्था ने कहा कि रंगमंच केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, जन-जागरूकता और सकारात्मक बदलाव का सशक्त माध्यम भी है।

गीता थिएटर जमशेदपुर निरंतर अपने नाट्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

 


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *