
*सरायकेला:* सरायकेला थाना क्षेत्र के मझला दावना स्थित डैम में शुक्रवार को मिले *सूरज मार्डी उर्फ धनु मार्डी* के शव को लेकर सदर अस्पताल में हंगामा हो गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव को डॉक्टर ने बिना पोस्टमार्टम किए ही सौंप दिया।
*शरीर पर नहीं मिले चीरा-सिलाई के निशान*

जब अंतिम संस्कार के लिए शव से प्लास्टिक हटाया गया तो शरीर पर पोस्टमार्टम के दौरान होने वाले चीरा व सिलाई के निशान मौजूद नहीं थे। मृतक की मां *सिद्धांतो मार्डी* ने आरोप लगाया कि उन्हें संदेह है कि उनके बेटे की हत्या कर शव को डैम में फेंक दिया गया है। उन्होंने कहा कि बिना पोस्टमार्टम के शव सौंपने से बेटे की मौत की गुत्थी पुलिस कैसे सुलझाएगी।

*पुलिस ने वापस भेजा शव, मेडिकल बोर्ड ने किया पोस्टमार्टम*
मामले की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को वापस पोस्टमार्टम हाउस भेजा। शनिवार को तीन डॉक्टरों की टीम ने मेडिकल बोर्ड के तहत सूरज मार्डी के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक *डॉ. नकुल प्रसाद चौधरी* ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड द्वारा शनिवार को किया गया है।
*24 जून से लापता था सूरज*
सूरज मार्डी बीते 24 जून से लापता था। वह गांव के डैम में मछली पकड़ने गया था। उसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चला। शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने डैम में एक शव को तैरता हुआ देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
*पारिवारिक विवाद भी आया सामने*
मृतक के पिता ने दो शादी की है। मृतक की मां सिद्धांतो मार्डी पहली पत्नी हैं जिन्हें ग्रामसभा के हस्तक्षेप के बाद अलग रहने के लिए घर दिया गया था। इस संबंध में मृतक के पिता पर मारपीट करने का मामला भी सरायकेला थाना में दर्ज है। वह दो महीने जेल में रहने के बाद छूटकर आया था। मृतक सूरज पुणे में काम करता था और एक महीने पहले ही गांव लौटा था। वह अपने पिता के साथ रह रहा था।
_शव का पोस्टमार्टम शनिवार को तीन डॉक्टरों की टीम द्वारा किया गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही युवक के मौत के कारणों का पता लग पाएगा।_
*डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, सिविल सर्जन, सरायकेला*
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
