
हुसैनाबाद पलामू से अविनाश कुमार की रिपोर्ट
पलामू: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पलामू जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत एवं पुलिस अधीक्षक कपील चौधरी ने गुरुवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं थाना क्षेत्रों का व्यापक भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।

करीब 200 किलोमीटर लंबे दौरे के दौरान दोनों अधिकारियों ने पाटन प्रखंड के पल्हेकला सहित छतरपुर, हुसैनाबाद, हैदरनगर, मोहम्मदगंज, उंटारी रोड और विश्रामपुर थाना क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों, धार्मिक नेताओं तथा गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक कर मोहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की।

उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि पलामू की पहचान हमेशा से सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की रही है। उन्होंने लोगों से अफवाहों से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की जानकारी तुरंत प्रशासन को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी समुदायों के सहयोग से जिले में हर पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होता रहा है और इस बार भी इसी परंपरा को कायम रखा जाएगा।
वहीं पुलिस अधीक्षक कपील चौधरी ने बताया कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने आम जनता से शांति और सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
भ्रमण के दौरान उपायुक्त और एसपी ने संबंधित अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पर्व के दौरान पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि मोहर्रम पर्व जिले में शांति, भाईचारे और सद्भाव के माहौल में संपन्न हो सके।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
