

सरायकेला-खरसावां जिले के सुदूरवर्ती कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत ईचाडीह गांव निवासी छात्र अनुपम लाहा ने झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) इंटरमीडिएट विज्ञान परीक्षा में 459 अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बन पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। अनुपम की इस शानदार उपलब्धि पर ‘जनसेवा ही लक्ष्य’ के संस्थापक एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरे लाल महतो बुधवार को उनके आवास पहुंचे और उन्हें सम्मानित किया।

इस दौरान हरे लाल महतो ने अनुपम लाहा को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा आगे की पढ़ाई और नामांकन में सहयोग के उद्देश्य से आर्थिक सहायता राशि भी प्रदान की। उन्होंने अनुपम के माता-पिता को बधाई देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद इतनी बड़ी सफलता हासिल करना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
हरे लाल महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर कठिन परिश्रम और लगन के बल पर अनुपम ने यह मुकाम हासिल किया है। आर्थिक तंगी के बावजूद हार न मानकर पढ़ाई जारी रखने का जज्बा अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि मेधावी छात्रों को प्रोत्साहन देना समाज की जिम्मेदारी है, ताकि संसाधनों की कमी किसी होनहार की उड़ान में बाधा न बने।
*पिता चलाते हैं छोटी सी दुकान, बेटे ने बढ़ाया मान*
अनुपम के पिता गांव में ही छोटी सी किराना दुकान चलाते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। अनुपम ने बताया कि संसाधन कम थे, लेकिन शिक्षकों के मार्गदर्शन और माता-पिता के सहयोग से वह रोज 8-10 घंटे पढ़ाई करता था। उसका सपना इंजीनियर बनकर गांव व राज्य का नाम रोशन करना है।
हरे लाल महतो ने भरोसा दिलाया कि अनुपम की आगे की इंजीनियरिंग की पढ़ाई में भी ‘जनसेवा ही लक्ष्य’ संस्था हरसंभव मदद करेगी। इस मौके पर स्थानीय मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, शिक्षक व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने अनुपम की सफलता पर खुशी जताई और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
