• Sun. May 10th, 2026

मनोज भावुक ‘भोजपुरी भाषा शिखर सम्मान’ और ‘ग्लोबल भोजपुरी एम्बेसडर’ की उपाधि से विभूषित

admin's avatar

Byadmin

May 10, 2026
crescent ad

 

पटना, 8 मई 2026। भोजपुरी साहित्य, सिनेमा और पत्रकारिता के क्षेत्र में अपने ऐतिहासिक योगदान के लिए सुप्रसिद्ध साहित्यकार, गीतकार एवं वरिष्ठ टीवी पत्रकार मनोज भावुक को आज पटना के ऐतिहासिक बापू सभागार में ‘भोजपुरी भाषा शिखर सम्मान’ से सम्मानित किया गया। ज़ी मीडिया द्वारा आयोजित इस भव्य समारोह में उन्हें “ग्लोबल भोजपुरी एम्बेसडर” तथा “भोजपुरी आइकॉन” की प्रतिष्ठित उपाधियों से भी अलंकृत किया गया। यह सम्मान उन्हें ज़ी बिहार-झारखंड के संपादक राजकमल चौधरी, ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड के संपादक रमेश चंद्रा और भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने संयुक्त रूप से प्रदान किया।

 

सम्मान ग्रहण करते हुए मनोज भावुक ने भावुक संबोधन में कहा कि जब साहित्य और सिनेमा साथ चलते हैं, तो कला का वास्तविक विकास होता है। उन्होंने सरकार से भोजपुरी को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग करते हुए कहा कि यह करोड़ों लोगों की सांस्कृतिक आत्मा और अंतरराष्ट्रीय पहचान है।

मनोज भावुक को ‘भोजपुरी साहित्य व सिनेमा का इनसाइक्लोपीडिया’ माना जाता है। 1995 से निरंतर सृजनरत भावुक ने ‘भोजपुरी जंक्शन’ के माध्यम से दुनिया भर के भोजपुरी भाषियों को एक मंच पर लाने का अभूतपूर्व कार्य किया है।

 

उन्होंने न केवल भोजपुरी सिनेमा का इतिहास लिखा, बल्कि अपनी लेखनी से इसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर गौरव भी दिलाया।

इससे पूर्व भी उन्हें फिल्मफेयर, फेमिना, भारतीय भाषा परिषद और लंदन, दुबई, मॉरीशस जैसे देशों में अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से नवाजा जा चुका है। आज के इस भव्य आयोजन में राजनीति, मीडिया और कला जगत की अनेक दिग्गज हस्तियां उपस्थित रहीं, जिन्होंने मनोज भावुक के बहुआयामी व्यक्तित्व और भोजपुरी भाषा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed