• Thu. Apr 30th, 2026

Adityapur : उत्क्रमित उड़िया मध्य विद्यालय में पेयजल संकट गहराया, 600 बच्चों को हो रही भारी परेशानिया,बोरिंग करने की उठाई मांग,मनोज पासवान

Subhasish Kumar's avatar

BySubhasish Kumar

Apr 28, 2026
crescent ad
आदित्यपुर। भीषण गर्मी के बीच उत्क्रमित उड़िया मध्य विद्यालय, आदित्यपुर में पेयजल संकट गहरा गया है। लगभग 600 छात्र-छात्राओं वाले इस विद्यालय में पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं होने से बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विद्यालय में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से जलापूर्ति कनेक्शन तो दिया गया है, लेकिन पानी का प्रेशर बेहद कम रहने और नियमित आपूर्ति नहीं होने के कारण पानी की समस्या बनी हुई है। कभी पानी आता है तो बहुत कम मात्रा में और कई बार बिल्कुल नहीं आता, जिससे विद्यालय में पानी का पर्याप्त संग्रहण भी संभव नहीं हो पा रहा है।
भीषण गर्मी में पानी की कमी से छात्र-छात्राओं के समक्ष पीने के पानी के साथ-साथ दैनिक उपयोग के लिए भी संकट खड़ा हो गया है। इस गंभीर समस्या को देखते हुए लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश सचिव मनोज पासवान ने संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने पत्र जारी कर विद्यालय परिसर में शीघ्र बोरिंग कराने की मांग की है ताकि बच्चों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके।
मनोज पासवान ने अपने पत्र में उपायुक्त से लेकर आदित्यपुर नगर निगम की महापौर, अपर नगर आयुक्त तथा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता से सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में स्कूली बच्चों को पानी जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित नहीं रखा जा सकता। समय रहते समाधान नहीं होने पर स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से अविलंब पहल कर विद्यालय में बोरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *