• Thu. Apr 2nd, 2026

शक्ति प्रदर्शन के साथ डॉ. अजय पोद्दार ने भरा पर्चा, कुल्टी की सड़कों पर दिखा भाजपा समर्थकों का हुजूम

admin's avatar

Byadmin

Apr 2, 2026

 

कुल्टी से सत्येन्द्र यादव की रिपोर्ट:

crescent ad

कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी उस वक्त अपने चरम पर पहुंच गई जब भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉक्टर अजय कुमार पोद्दार ने बुधवार को भारी जनसमर्थन के बीच अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत बराकर रेलवे स्टेशन परिसर स्थित हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके बाद एक विराट रैली का आयोजन किया गया। यह रैली आसनसोल स्थित निर्वाचन कार्यालय तक पहुंची, जिसमें समर्थकों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा।

 

इस भव्य रैली में संस्कृति और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिला। रैली का मुख्य आकर्षण उज्जैन से विशेष रूप से बुलाई गई डमरू पार्टी रही, जिसकी गूंज ने पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया। इसके साथ ही पुरुलिया जिले से आई महिलाओं की बैंड पार्टी ने भी लोगों का ध्यान खींचा। रैली बराकर स्टेशन रोड, बैगुनिया बाजार, कुल्टी एलसी मोड़, संन्यासी स्थान, रानीतालाब, थाना मोड़ और कॉलेज रोड जैसे प्रमुख रास्तों से होकर गुजरी। इस दौरान हजारों की संख्या में बाइक सवार युवक शामिल थे और रास्ते में जगह-जगह डॉक्टर अजय पोद्दार का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया।

 

रैली का नेतृत्व जिला महासचिव केशव पोद्दार कर रहे थे, जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेताओं सहित भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) और विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूरे रास्ते ‘जय श्रीराम’ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व अमित शाह के समर्थन में नारेबाजी होती रही। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस की समुचित व्यवस्था रैली के साथ चलती रही।

 

नामांकन के पश्चात डॉक्टर अजय पोद्दार ने मीडिया को संबोधित करते हुए इसे ‘गणतंत्र बचाने की लड़ाई’ करार दिया। उन्होंने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार पर कुशासन का आरोप लगाते हुए कहा कि यह रैली राज्य के पुनर्निर्माण और परिवर्तन के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने दावा किया कि सरकार बदलते ही क्षेत्र में कानून का शासन स्थापित होगा और अपराधी, असामाजिक तत्व एवं माफियाओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस शक्ति प्रदर्शन में भाजपा पार्षदों के साथ-साथ महिलाओं और युवाओं की रिकॉर्ड भागीदारी देखी गई।


There is no ads to display, Please add some
crescent ad
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *