
झारखंड के बोकारो जिले अंतर्गत गोमिया प्रखंड में लकड़ी तस्करों के हौसले बुलंद हैं। बुधवार देर रात तुलबुल गांव के समीप अवैध लकड़ी तस्करों को छुड़ाने के प्रयास में ग्रामीणों की भीड़ ने वन विभाग की टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में पांच वनकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि विभाग के तीन वाहनों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। सभी घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गोमिया में किया जा रहा है।

घटना के संबंध में तेनुघाट वन प्रक्षेत्र के प्रभारी वनपाल अजीत कुमार मुर्मू ने बताया कि टीम हाथियों के झुंड की सूचना पर ललपनिया से पिंडरा गांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान लुगु पहाड़ घाटी के पास कुछ तस्कर अवैध लकड़ी के साथ पकड़े गए। विभाग ने दो तस्करों को हिरासत में लिया और भारी मात्रा में लकड़ी समेत दो मोटरसाइकिलें जब्त कीं।

जब टीम आरोपितों को लेकर लौट रही थी, तभी तुलबुल गांव के पास महिलाओं समेत करीब 35-40 लोगों की भीड़ ने सड़क जाम कर हमला बोल दिया। पत्थरबाजी और मारपीट के बीच भीड़ दोनों तस्करों को जबरन छुड़ाकर ले गई। घटना से आक्रोशित वनकर्मियों ने गोमिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है। वनकर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई और आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे शुक्रवार से कार्य का बहिष्कार करेंगे।
सूचना मिलते ही बीडीओ महादेव कुमार महतो और सीओ आफताब आलम ने अस्पताल पहुंचकर घायल कर्मियों का हालचाल जाना और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान में जुट गई है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
