
आदित्यपुर। नगर निगम चुनाव की सरगर्मियों के बीच वार्ड संख्या 22 में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। रविवार को वार्ड प्रत्याशी अंजू देवी ने एस-टाइप स्थित अपने नए चुनावी कार्यालय का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उन्होंने वार्ड को आदर्श वार्ड के रूप में विकसित करने को लेकर अपना चुनावी संकल्प पत्र भी जारी किया। कार्यालय उद्घाटन के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए अंजू देवी ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य वार्ड में लंबे समय से रुके विकास कार्यों को गति देना है।
उन्होंने कहा कि वार्ड 22 की जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए वर्षों से संघर्ष कर रही है और उनकी प्राथमिकता इन समस्याओं का स्थायी समाधान करना है। इस मौके पर उनके पति व क्षेत्र के जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता संजीव सिंह उर्फ बबुआ सिंह भी मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि वे बीते चार वर्षों से वार्ड की जनसमस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने बताया कि वार्ड में जाम सीवरेज, खराब ड्रेनेज व्यवस्था और साफ-सफाई की गंभीर समस्या बनी हुई है, जिसके समाधान के लिए वे लगातार संघर्षरत रहे हैं।
*आदर्श वार्ड बनाने का रोडमैप*
जारी संकल्प पत्र में वार्ड की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था तथा ड्रेनेज समस्या के स्थायी समाधान को प्राथमिकता दी गई है। अंजू देवी ने समर्थकों से अपील की कि वे ऐसे नेतृत्व का चयन करें जो केवल वादे नहीं, बल्कि धरातल पर काम करने का अनुभव रखता हो।
उद्घाटन समारोह में स्थानीय गणमान्य लोगों के साथ बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद थे, जिन्होंने अंजू देवी के संकल्पों पर भरोसा जताते हुए समर्थन देने की बात कही।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
