• Tue. Feb 17th, 2026

नगर निकाय निर्वाचन–2026 की तैयारी को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी की अध्यक्षता मे समीक्षा बैठक संपन्न

admin's avatar

Byadmin

Jan 27, 2026

 

सरायकेला : नगर निकाय निर्वाचन–2026 की तैयारी के निमित्त आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) –सह–उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में तथा पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश लुनायत की उपस्थिति में समाहरणालय सभागार में निर्वाचन तैयारी से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक में नगर निकाय आम निर्वाचन–2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों के आलोक में की जा रही तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

निर्वाचन कार्य को सुगमता एवं प्रभावी ढंग से संपादित करने के उद्देश्य से जिले में कुल 13 कोषांगों का गठन किया गया है। बैठक के दौरान सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। कोषांगों के दायित्वों एवं अब तक की तैयारियों पर चर्चा की गई तथा संबंधित कोषांग प्रभारियों द्वारा अपने-अपने कोषांग से संबंधित कार्यों की जानकारी दी गई।

 

बैठक में उपायुक्त द्वारा निर्देश दिया गया कि सभी कोषांग निर्वाचन कार्य के दौरान पूर्णतः सक्रिय रहेंगे तथा अपने-अपने दायित्वों के निर्वहन हेतु आवश्यकतानुसार अधिकतम प्रगति प्रतिवेदन मंगाते हुए समय पर सामग्री एवं संसाधन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों का संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं नगर निकाय के पदाधिकारियों द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया जाए तथा मतदान केंद्रों पर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का अवलोकन कर उसकी प्रतिवेदन जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए।

 

बैठक में विभिन्न पदों पर प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों का कैलेंडर निर्धारित कर समयबद्ध रूप से प्रशिक्षण पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त द्वारा यह भी निर्देश दिया गया कि सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता संख्या सहित अन्य आवश्यक सूचनाओं का संकलन कर निर्वाचन से संबंधित सभी तैयारियों को ससमय पूर्ण किया जाए।

 

नामांकन कार्य के सुचारू संचालन हेतु कार्ययोजना तैयार करने, आवश्यक दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने पर भी बैठक में चर्चा की गई।

निर्वाचन से संबंधित जन शिकायतों के निष्पादन हेतु टोल फ्री नंबर के व्यापक प्रचार-प्रसार को सुनिश्चित करने तथा सभी कोषांगों के बीच आपसी समन्वय स्थापित करते हुए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों के आलोक में कार्य करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी कोषांगों को प्रतिदिन अद्यतन प्रगति प्रतिवेदन जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

 

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका), सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *