
*पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर दागे अश्रुगैस,*

रांची : झारखंड सरकार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से राजधानी रांची के मोरहाबादी में आयोजित युवा आक्रोश रैली पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे. रैली में शामिल भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछार भी की गयी .

आंसू गैस के गोले और पानी की बौछार के बाद पूरी भीड़ तितर-बितर हो गई. कई लोग घायल हुए हैं. इन्हें अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस मंगाया गया है.
झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश समेत तमाम वरिष्ठ भाजपा नेता मैदान में ही धरना पर बैठ गए. भाजपा कार्यकर्ताओं ने हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘हेमंत तेरी तानाशाही नहीं चलेगी नहीं चलेगी’ के नारे भी लगाए.
मोरहाबादी मैदान में शुक्रवार को युवा आक्रोश रैली खत्म होने के बाद भाजयुमो के नेतृत्व में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने लगे. जैसे ही भाजपा समर्थकों ने सीएम आवास की ओर बढ़ने की कोशिश की, पुलिस ने उन्हें रुकने के लिए कहा. भाजपा समर्थक नहीं रुके. कई समर्थक कंटीले बैरिकेडिंग पर खड़े हो गए. प्रदर्शन करने लगे.
जब भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जबरन सीएम आवास की ओर बढ़ने की कोशिश की, तो उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागने शुरू कर दिए. साथ में पानी की बौछार भी शुरू कर दी. आंसू गैस और पानी की बौछार से पूरी भीड़ तितर-बितर हो गई. पुलिस के जवान लगातार आंसू गैस के गोले दाग रहे थे.
भाजपा ने ऑक्सीजन पार्क और शिबू सोरेन के आवास के पास से सीएम आवास जाने की कोशिश की. लेकिन, पुलिस ने दोनों जगह सख्त घेराबंदी कर रखी थी. दोनों जगहों पर बैरिकेडिंग की गई थी. उसके ऊपर कंटीले तार लगा दिए थे, ताकि आसानी से बैरिकेडिंग को कोई पार न कर सके. पुलिस ने उन्हें चारों ओर से घेरकर उन पर पानी की बौछार शुरू कर दी. लगातार आंसू गैस के गोले भी दागे. भाजपा नेताओं को मैदान में ही कैद कर दिया गया.
भाजपा ने दो तरफ से कांके रोड स्थित सीएम आवास की ओर जाने की कोशिश की. इन दोनों जगहों पर पुलिस पहले से मुस्तैद थी. भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को मोरहाबादी मैदान से बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा. पुलिस ने चारों ओर से मैदान को घेर रखा है. किसी भी सूरत में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जा रही है.
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
