
धनबाद : जिला समाज कल्याण विभाग और वन स्टॉप सेंटर (OSC) धनबाद के संयुक्त प्रयास से 20 वर्ष से लापता 60 वर्षीय कबली देवी को केरल के कालीकट से सकुशल वापस लाया गया है। पूर्वी टुंडी प्रखंड के दलदली गांव, पंचायत चुरुरिया की रहने वाली कबली देवी 20 साल पहले अचानक लापता हो गई थीं। लंबे समय तक खोजबीन के बाद परिजनों ने उन्हें मृत मानकर अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कर दी थीं। इस बीच उनके पति ने दूसरा विवाह भी कर लिया।
केरल पुलिस की तत्परता से मिला सुराग

जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेहा कश्यप ने बताया कि कबली देवी केरल के कालीकट स्थित सरकारी आशा भवन (महिला) में मिलीं। केरल के स्थानीय पुलिस इंस्पेक्टर शिवनमुनाथिल ने गहन पूछताछ के बाद उनके धनबाद स्थित घर का पता लगाया और फोन पर सूचना दी। इससे पूर्व पूर्वी टुंडी के अंचलाधिकारी और मुखिया ने भी पहल की थी, लेकिन तब परिजनों से संपर्क स्थापित नहीं हो सका था।

विशेष टीम लाई वापस
कबली देवी को लाने के लिए OSC प्रशासक साधना कुमारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जिला बाल संरक्षण इकाई के परामर्शदाता मदन मोहन महथा एवं OSC की होमगार्ड आरती कुमारी 23 से 28 जून तक केरल की यात्रा कर उन्हें सकुशल धनबाद लेकर पहुंचे। वर्तमान में कबली देवी को धनबाद OSC में रखा गया है, जहां उनकी काउंसलिंग की गई। काउंसलिंग में डीएसडब्ल्यूओ स्नेहा कश्यप, डीसीपीओ साधना कुमारी, OSC सदस्य पूनम सिंह तथा आस्था महिला संस्था के प्रवीण ग्रोवर एवं बिना ग्रोवर उपस्थित रहे।
परिजनों का इंतजार, प्रशासन तैयार
कबली देवी के बेटे, बेटी और दामाद को सूचना दे दी गई है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई परिजन OSC नहीं पहुंचा। प्रशासन ने स्थानीय सेविका को उनके घर भेजकर संपर्क करने को कहा है।
डीएसडब्ल्यूओ स्नेहा कश्यप ने कहा, “20 साल बहुत लंबा समय है। पहली प्राथमिकता है कि वह परिवार के साथ रहें। यदि परिजन तैयार नहीं होते, तो प्रशासन पुनर्वास की पूरी व्यवस्था करेगा। हमारे पास वृद्धाश्रम और हाफवे होम की सुविधा है। फिलहाल उनकी कुछ दवाइयां चल रही हैं। स्वास्थ्य आकलन के बाद सबसे सुरक्षित स्थान पर आश्रय दिया जाएगा।”
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
