
चाईबासा: गुरुद्वारा नानक दरबार, चाईबासा से सोमवार को सिख श्रद्धालुओं का 11 सदस्यीय जत्था उत्तराखंड स्थित पवित्र धार्मिक स्थल हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए रवाना हुआ। तीर्थयात्रियों की सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना को लेकर गुरुद्वारा परिसर में विशेष अरदास का आयोजन किया गया।
जानकारी के अनुसार टाटानगर से लगभग 140, चाईबासा से 11 तथा रांची से शामिल श्रद्धालुओं सहित कुल 160 तीर्थयात्री जालियांवाला बाग एक्सप्रेस से रुड़की के लिए रवाना हुए। वहां से बसों के माध्यम से ऋषिकेश पहुंचकर हेमकुंड साहिब की यात्रा प्रारंभ करेंगे।

यात्रा से पूर्व गुरुद्वारा नानक दरबार में ग्रंथी हरभजन सिंह ने वाहेगुरु जी के समक्ष अरदास कर सभी श्रद्धालुओं की कुशल यात्रा एवं सकुशल वापसी की प्रार्थना की तथा प्रसाद वितरित किया। चाईबासा से यह जत्था गगनदीप सिंह वालिया की अगुवाई में टाटानगर पहुंचकर मुख्य जत्थे के साथ हेमकुंड साहिब के लिए रवाना हुआ।

इस अवसर पर श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष गुरमुख सिंह खोखर ने सभी तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हेमकुंड साहिब सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी की तपोस्थली है। यह सिख धर्म का एक अत्यंत पवित्र एवं ऐतिहासिक तीर्थ स्थल है, जहां भव्य गुरुद्वारा स्थापित है। उन्होंने कहा कि दो सप्ताह की इस यात्रा के दौरान श्रद्धालु अन्य प्रमुख गुरुद्वारों के भी दर्शन कर गुरुघर का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
यह धार्मिक तीर्थयात्रा 13 जुलाई से प्रारंभ होकर 26 जुलाई को चाईबासा वापसी के साथ संपन्न होगी।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
