• Sat. Oct 24th, 2026

हादसे से थमी विसर्जन की गति: कतरास मोड़ के पास हाइवा ने अधेड़ को कुचला, विधायक के मुआवजे और प्रशासनिक आश्वासन के बाद हटा जाम

admin's avatar

Byadmin

Oct 24, 2026
crescent ad

 

 

धनबाद: झरिया थाना क्षेत्र के कतरास मोड़ स्थित सिंह नगर पुल के समीप शुक्रवार को अज्ञात हाइवा की चपेट में आने से मानबाद निवासी सैलून संचालक नारायण ठाकुर (55) की दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना में हाइवा ने उनका सिर कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी जान चली गई। घटना से आक्रोशित स्थानीय निवासियों ने झरिया-केंदुआडीह मुख्य मार्ग पर पत्थर रखकर सड़क जाम कर दिया और जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, नारायण ठाकुर राजबाड़ी में आयोजित दुर्गा पूजा प्रतिमा विसर्जन जुलूस में अपने तीनों बेटों विनय, सोनू और मोनू के साथ शामिल हुए थे। जुलूस के सिंह नगर स्थित छठ तालाब पहुंचने पर विसर्जन प्रक्रिया में देरी होने के कारण वे अकेले ही पैदल घर लौटने लगे। इसी दौरान सिंह नगर मार्ग पर अनियंत्रित रफ्तार से आ रहे एक हाइवा ने उन्हें कुचल दिया और चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हादसे की खबर मिलते ही पत्नी मीना ठाकुर और तीनों पुत्रों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना से विसर्जन जुलूस में शामिल लोग भी भड़क गए और सड़क पर उतर आए, जिसके कारण प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम करीब दो घंटे तक रुका रहा।

सड़क जाम की सूचना पर सिंदरी डीएसपी प्रकाश चंद्र महतो, झरिया इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार पांडे, अंचलाधिकारी मनोज कुमार, झरिया विधायक रागिनी सिंह और धनबाद मेयर संजीव सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आक्रोशित लोग मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन पर तत्काल रोक लगाने, सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। स्थानीय लोगों का कहना था कि इस मार्ग पर हाइवा की चपेट में आने से अब तक दो दर्जन से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन प्रशासन द्वारा भारी वाहनों पर रोक नहीं लगाई जा रही है। काफी मशक्कत और देर रात तक चले वार्ता के दौर के बाद स्थिति शांत हुई। विधायक रागिनी सिंह ने पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की नकद सहायता राशि प्रदान की। साथ ही आपदा प्रबंधन से 1 लाख रुपये और ‘हिट एंड रन’ मद से 2.5 लाख रुपये दिलाने का आश्वासन दिया। प्रशासनिक आश्वासन और सहायता के बाद लोगों ने जाम हटाया, जिसके पश्चात पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू की और रुका हुआ प्रतिमा विसर्जन संपन्न कराया गया।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *