
सरायकेला : चिलगु की रात मंगलवार को नृत्य, गीत और संगीत के नाम रही। गणेश पूजा के अवसर पर यंग बॉयज क्लब की ओर से आयोजित डांस धमाका सीजन-15 में नेपाल से लेकर दिल्ली तक के कलाकारों ने मंच संभाला तो दर्शक देर रात तक अपनी जगह से जमे रहे। तेज संगीत, थिरकते कदम और कलाकारों की दमदार प्रस्तुतियों के बीच पूरा आयोजन तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों से पहुंचे कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
नेपाल, असम, दिल्ली, आसनसोल, रांची और ओडिशा समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए कलाकारों ने मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। किसी ने पारंपरिक नृत्य की छटा बिखेरी तो किसी ने आधुनिक गीतों पर कदमताल कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कलाकारों की भाव-भंगिमा, नृत्य कौशल और प्रस्तुति में तालमेल ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। एक प्रस्तुति समाप्त होते ही दूसरी प्रस्तुति के लिए दर्शकों की उत्सुकता बढ़ती रही।

गणेश पूजा के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता को लेकर युवाओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह दिखा। कार्यक्रम स्थल पर देर रात तक दर्शकों की भीड़ जुटी रही। कलाकारों का उत्साह बढ़ाने के लिए दर्शकों ने तालियों से उनका स्वागत किया।

विजेताओं पर बरसे पुरस्कार, बांटे 50 हजार रुपये
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को आयोजक समिति की ओर से कुल 50 हजार रुपये के नगद पुरस्कार दिए गए। नेपाल की सन्नी शालिनी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 20 हजार रुपये का पुरस्कार जीता। आसनसोल की जीएमजी गर्ल्स ग्रुप को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 12 हजार रुपये और दिल्ली के स्टार स्टेपर्स ग्रुप को तृतीय पुरस्कार के रूप में आठ हजार रुपये प्रदान किए गए।
इसके अलावा न्यू झोनी ग्रुप को चौथा पुरस्कार छह हजार रुपये तथा रांची के गुमनाम अग्नि को पांचवां पुरस्कार चार हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया।
आयोजक समिति के सदस्य विवेक गोप ने कहा कि गीत, संगीत और नृत्य मनोरंजन के साथ लोगों में नई ऊर्जा का संचार करते हैं। ऐसे आयोजनों से कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है और क्षेत्र में कला-संस्कृति को बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम की सफलता में यंग बॉयज क्लब के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
