• Mon. Aug 10th, 2026

साढ़े छह लाख की हैवी प्रेशर मशीन से जामाडोबा इंटकवेल की सफाई, झरिया में जल्द बहाल होगी जलापूर्ति

admin's avatar

Byadmin

Aug 10, 2026
crescent ad

 

 

मेयर संजीव सिंह ने दूसरी बार किया निरीक्षण, झमाड़ा एमडी संग बैठक के बाद युद्धस्तर पर सफाई; विधायक रागिनी सिंह निजी फंड से करा रहीं मशीन का भुगतान

 

धनबाद/झरिया। जामाडोबा इंटकवेल के वाल्व और पाइपलाइन में जमा कचरे व पत्थरों के कारण बाधित झरिया की पेयजल आपूर्ति को सामान्य करने के लिए अब युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए करीब साढ़े छह लाख रुपये प्रतिमाह के किराये पर हैवी प्रेशर मशीन मंगाई गई है। झरिया विधायक रागिनी सिंह अपने निजी फंड से इस मशीन का भुगतान करेंगी। रविवार को धनबाद के महापौर संजीव सिंह ने जामाडोबा इंटकवेल पहुंचकर मशीन से चल रहे सफाई कार्य का दूसरी बार निरीक्षण किया और अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

 

इंटकवेल के वाल्व एवं पाइपलाइन में कचरा, पत्थर तथा अन्य अवरोध जमा होने के कारण पानी के प्रवाह में बाधा उत्पन्न हो रही थी। इससे झरिया के विभिन्न इलाकों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई। समस्या की गंभीरता को देखते हुए हैवी प्रेशर मशीन के माध्यम से वाल्व और पाइपलाइन की सफाई कर अवरोधों को हटाने का काम किया जा रहा है।

 

महापौर संजीव सिंह ने इससे पूर्व भी जामाडोबा इंटकवेल का निरीक्षण कर जलापूर्ति में आ रही तकनीकी समस्या की जानकारी ली थी। इसके बाद उन्होंने झमाड़ा के एमडी के साथ बैठक कर समस्या के शीघ्र समाधान और जलापूर्ति सामान्य करने के लिए आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया था। रविवार को दूसरी बार मौके पर पहुंचकर उन्होंने प्रेशर मशीन से चल रहे सफाई कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

झरिया-1 में आज से पानी शुरू करने का प्रयास

 

महापौर संजीव सिंह ने कहा कि सफाई कार्य तेजी से कराया जा रहा है। झरिया-1 क्षेत्र में सफाई कार्य पूरा होते ही आज से पेयजल आपूर्ति शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद जामाडोबा समेत झरिया-2 के विभिन्न क्षेत्रों में भी जल्द जलापूर्ति बहाल की जाएगी।

 

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पेयजल आपूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या को गंभीरता से लिया जाए और तकनीकी खराबी सामने आते ही तत्काल उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए। आम लोगों को पानी के लिए किसी भी स्थिति में परेशान नहीं होना चाहिए।

 

तकनीकी कारणों और बारिश से प्रभावित हुई थी व्यवस्था : एसडीओ

 

झरिया एसडीओ कृपा शंकर ने बताया कि तकनीकी कारणों से कभी-कभी पेयजल आपूर्ति में असुविधा उत्पन्न हो जाती है। ऐसी स्थिति में विभाग द्वारा आवश्यकतानुसार तत्काल तकनीकी कार्य कर समस्या को दूर किया जाता है।

 

उन्होंने बताया कि पिछले दिनों लगातार हुई बारिश के कारण भी पेयजल व्यवस्था प्रभावित हुई थी। वर्तमान में आवश्यक तकनीकी कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि तकनीकी कार्य पूरा होने के बाद आने वाले समय में झरिया में पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से संचालित होगी।

 

एसडीओ ने कहा कि विभाग की ओर से जलापूर्ति व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और संबंधित कार्यों की निगरानी की जा रही है।

 

केंदुआ-कुसुंडा समेत अन्य क्षेत्रों को भी मिलेगा लाभ

 

महापौर संजीव सिंह ने कहा कि जामाडोबा इंटकवेल की सफाई और जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार का लाभ केवल झरिया तक सीमित नहीं रहेगा। व्यवस्था सुचारू होने के बाद धनबाद विधानसभा क्षेत्र के केंदुआ, कुसुंडा समेत अन्य इलाकों में भी नियमित एवं निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

 

उन्होंने कहा कि पेयजल लोगों की मूलभूत जरूरत है और इसे लेकर किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर जलापूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा।

 

विधायक रागिनी सिंह बोलीं—जनता को पानी के लिए परेशान नहीं होने देंगे

 

झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि झरिया की जनता लंबे समय से पेयजल की समस्या से जूझ रही है। जामाडोबा इंटकवेल के वाल्व और पाइपलाइन में जमा कचरे एवं पत्थरों के कारण पानी का प्रवाह बाधित हो रहा था। समस्या के तत्काल समाधान के लिए अपने निजी फंड से करीब साढ़े छह लाख रुपये प्रतिमाह के किराये पर हैवी प्रेशर मशीन मंगाई गई है। इसका भुगतान स्वयं उनके द्वारा किया जाएगा।

 

उन्होंने कहा, “झरिया की जनता को पानी के लिए परेशान नहीं होने दिया जाएगा। जलापूर्ति की तकनीकी बाधाओं को दूर करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। मशीन के माध्यम से वाल्व और पाइपलाइन में जमा कचरे एवं पत्थरों को हटाकर पानी के प्रवाह को सामान्य किया जा रहा है।”

 

विधायक ने कहा कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोगों को नियमित और निर्बाध पानी उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

 

बारिश में भी जारी रहा सफाई कार्य, कर्मचारियों को बांटे छाते

 

लगातार बारिश के बावजूद जामाडोबा इंटकवेल में सफाई का काम जारी रहा। महापौर ने कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा और सुविधा का भी जायजा लिया तथा उन्हें बारिश से बचाव के लिए छाते वितरित किए। उन्होंने कहा कि विपरीत मौसम में काम कर रहे कर्मचारियों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए।

 

महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सफाई कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और तकनीकी बाधाओं को जल्द से जल्द दूर कर जलापूर्ति व्यवस्था को सामान्य किया जाए।

 

निरीक्षण के दौरान जेई आशुतोष राणा, जेई पंकज मंडल, विधायक प्रतिनिधि राजकिशोर जेना, अखिलेश सिंह, स्वरूप भट्टाचार्य, बप्पी बाउरी, रामजीत भुइंया, अनिल शर्मा, राहुल सिंह एवं जितेंद्र राम सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *