
सरायकेला :कपाली ओपी क्षेत्र में मंगलवार को गौसनगर सालबागान वार्ड नंबर 11 निवासी चप्पल विक्रेता मोहम्मद मुस्तकीम का जला हुआ शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। मोहम्मद मुस्तकीम 24 मई की शाम से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थे।
*फॉरेस्ट एरिया में मिली लाश*

उनका शव कपाली फॉरेस्ट एरिया से मिला, जहां उनकी बेचने वाली चप्पलें भी जली हुई अवस्था में पाई गईं। शव पूरी तरह जल चुका था। पहचान हाथ में पहनी अंगूठी से की गई। जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

*आखिरी कॉल में बताया था लोकेशन*
मृतक के भाई मोहम्मद हाशिम ने बताया कि मुस्तकीम 24 मई की सुबह चप्पल बेचने निकले थे। शाम करीब 7 बजे उनका आखिरी फोन आया था, जिसमें उन्होंने स्वर्णरेखा नदी पार कर कपाली पुड़ीसिल्ली पहुंचने की जानकारी दी थी। इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया।
*CCTV और मोबाइल लोकेशन से सुराग*
परिजनों की शिकायत पर कपाली ओपी पुलिस कर्मी ASI अख्तर अंसारी ने जांच शुरू की। एएसआई अख्तर अंसारी ने CCTV खंगाले, जबकि मोबाइल की आखिरी लोकेशन अंसार नगर डेमडुबी में मिली। इसके बाद आज फॉरेस्ट एरिया से उनका जला हुआ शव बरामद हुआ।
*परिवार ने जताई हत्या की आशंका*
परिवार का कहना है कि मोहम्मद मुस्तकीम का किसी से कोई विवाद नहीं था। वे रोज की तरह चप्पल बेचने गए थे। शव और चप्पलें जलाए जाने से हत्या कर साक्ष्य मिटाने की आशंका जताई जा रही है।
कपाली ओपी प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा होगा। FSL टीम को भी बुलाया गया है। अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के CCTV और कॉल डिटेल खंगाल रही है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
