
*सरायकेला।* झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के समापन के मौके पर सरायकेला स्थित नगर भवन में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन खरसावां विधायक *दशरथ गागराई*, ईचागढ़ विधायक *सविता महतो*, उपायुक्त *नितिश कुमार सिंह*, जिला परिषद अध्यक्ष *सोनाराम बोदरा* तथा उप विकास आयुक्त *रीना हांसदा* ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने राज्य की 26वीं वर्षगांठ पूरी होने और 27वें वर्ष में प्रवेश करने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। उन्होंने जिले के अति नक्सल प्रभावित और पहाड़ की चोटी पर बसे रुगडी पंचायत के नीमड़ीह जैसे दुर्गम गांवों में पहली बार उपायुक्त और एसपी के पहुंचने की सराहना की। उन्होंने कहा कि अब दुर्गम क्षेत्रों में भी प्रशासन और जनप्रतिनिधि समन्वय बनाकर राज्य सरकार की योजनाओं व विधायक निधि से विकास की नई तस्वीर गढ़ रहे हैं।

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि कठिन परिश्रम का परिणाम अंततः सुखद होता है। उन्होंने झारखंड आंदोलनकारियों के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि राज्य के गठन और यहां की खनिज संपदा के संरक्षण के लिए जो आंदोलन हुआ, उसी की नींव पर आज हम विकास की गाथा लिख रहे हैं। राज्य के निर्माण में सभी का योगदान रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।

कार्यक्रम को ईचागढ़ विधायक सविता महतो, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी ने भी संबोधित किया। समारोह के अंत में अतिथियों द्वारा वृद्धा, विधवा व दिव्यांग पेंशन, सर्वजन पेंशन, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के चयनित लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों और स्वीकृति पत्रों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
शिक्षा विभाग द्वारा 28 सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र अतिथियों द्वारा प्रदान किया गया। वहीं ओलंपियाड वर्ष 2024 व 2025 के 5 विजेताओं को सम्मानित किया गया। बीबी-जीबी-राम-जी में 100 दिन पूरा करने वाले 9 परिवारों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अबुआ आवास योजना व प्रधानमंत्री आवास योजना के 5 लाभुकों द्वारा गृह प्रवेश करने पर सम्मानित किया गया। डीएमएफटी फंड से 15 लाभुकों के बीच सब्जी क्लस्टर से कृषि उपकरण पावर टिलर, स्प्रे मशीन व सीड वितरण किए गए। सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 5 लाभुकों को पेंशन स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। 7 स्वास्थ्य कर्मियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। 586 एसएचजी को सीआईएफ वितरण एवं 1248 एसएचजी को सीसीएल का वितरण किया गया। अग्रणी जिला प्रबंधक की ओर से 11 लाभुकों को केसीसी ऋण वितरण किया गया। कन्यादान एवं सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत 2 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र दिया गया।
मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना द्वारा बत्तख चूजा वितरण की गई। आपूर्ति विभाग द्वारा दो आपूर्ति पदाधिकारी और छह राशन दुकानदारों को सम्मानित किया गया।
अंत में उपायुक्त महोदय के साथ पूरे सभागार में स्थापना दिवस पर बाल विवाह रोकथाम की शपथ ग्रहण ली गई।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
