• Sat. Nov 28th, 2026

महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन का राजनीतिक षड्यंत्र कर रही केंद्र सरकार : कांग्रेस

admin's avatar

Byadmin

Nov 28, 2026

 

 

चाईबासा : महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन को जोड़कर केंद्र सरकार देश की राजनीतिक और चुनावी संरचना में बदलाव का राजनीतिक खेल खेल रही है। कांग्रेस महिला आरक्षण की प्रबल समर्थक रही है, लेकिन महिलाओं को अधिकार देने के नाम पर परिसीमन की आड़ में राजनीतिक लाभ उठाने की केंद्र सरकार की मंशा का पुरजोर विरोध करती है।कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने शनिवार को कहा कि संसद द्वारा वर्ष 2023 में महिला आरक्षण कानून पारित किए जाने के बावजूद केंद्र सरकार इसे लागू करने के बजाय परिसीमन की शर्तों से जोड़कर लगातार उलझा रही है। यदि सरकार वास्तव में महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देना चाहती है,

तो उसे बिना किसी बहाने और राजनीतिक शर्त के महिला आरक्षण लागू करना चाहिए।उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन के जरिए राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और क्षेत्रीय संतुलन को प्रभावित करने की कोशिश देश के लोकतांत्रिक एवं संघीय ढांचे के लिए गंभीर चिंता का विषय है।जनसंख्या नियंत्रण एवं विकास के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले राज्यों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मामले में दंडित करने की किसी भी कोशिश का कांग्रेस विरोध करेगी।त्रिशानु राय ने कहा कि महिला आरक्षण महिलाओं के अधिकारों का प्रश्न है, जबकि परिसीमन राजनीतिक प्रतिनिधित्व एवं संघीय संतुलन से जुड़ा संवेदनशील संवैधानिक विषय है।

दोनों को जोड़कर महिला आरक्षण को टालना सरकार की राजनीतिक मंशा को उजागर करता है।उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि महिला आरक्षण को परिसीमन की शर्तों से मुक्त कर तत्काल लागू करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएं तथा परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण विषय पर सभी राजनीतिक दलों और राज्यों के साथ व्यापक विचार-विमर्श एवं सर्वसम्मति सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं के राजनीतिक अधिकार, लोकतंत्र की मजबूती और संविधान की गरिमा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्र सरकार महिला सशक्तीकरण के नाम पर राजनीतिक स्वार्थ साधने के बजाय देशहित, संवैधानिक मर्यादा और लोकतांत्रिक मूल्यों को प्राथमिकता दे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *