• Sat. Nov 28th, 2026

पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के विरोध में सड़क पर उतरे धनबाद के पत्रकार, रणधीर वर्मा चौक पर दिया धरना

admin's avatar

Byadmin

Nov 28, 2026

 

धनबाद: झारखंड में पत्रकार अभिषेक भारती पर हुई पुलिसिया कार्रवाई और गिरफ्तारी के विरोध में अब पत्रकारों का आक्रोश सड़कों पर दिखने लगा है। शनिवार को धनबाद प्रेस क्लब के बैनर तले जिले के पत्रकारों ने शहर के रणधीर वर्मा चौक पर एकजुट होकर धरना-प्रदर्शन किया और राज्य सरकार की कार्यशैली के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के माध्यम से पत्रकारों ने अभिषेक भारती की अविलंब रिहाई, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और राज्य में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की पुरजोर मांग उठाई।

धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए धनबाद प्रेस क्लब के महासचिव अजय प्रसाद ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि सच्चाई दिखाना बगावत है, तो पत्रकार इस बगावत से कभी पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हो रहे इस तरह के हमलों को बेहद निंदनीय बताते हुए सवाल उठाया कि यदि जनसरोकार से जुड़ी खबर दिखाने पर पत्रकारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी और उन्हें हिरासत में लिया जाएगा, तो समाज के हक की आवाज कौन उठाएगा और सत्ता व राजनेताओं से जवाबदेही कौन तय करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पत्रकारों का दायित्व सच को समाज के सामने लाना है, न कि किसी के दबाव में चुप रहना। पत्रकारों पर बढ़ते उत्पीड़न और हमलों पर रोक लगाने के लिए सरकार को अविलंब पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करना चाहिए।

इस विरोध प्रदर्शन में धनबाद प्रेस क्लब के महासचिव अजय प्रसाद, वरीय उपाध्यक्ष शशि भूषण राय, पूर्व अध्यक्ष अशोक कुमार, उपाध्यक्ष शरद पांडे व प्रतीक पोपट, बलवंत कुमार, अमर कुमार, सचिव मोहन गोप, संजय चौरसिया, राममूर्ति पाठक, चंदन पाल, कार्यकारिणी सदस्य विक्की प्रसाद, रोशन सिन्हा, विपिन रजक, गोपाल प्रसाद, आशीष अम्बष्ट, अमित विश्वकर्मा उर्फ चिंटू, धर्मेंद्र पांडे, अमित सिन्हा, ज्योति राय, बंटी विश्वकर्मा, विपिन कुमार, ऐनुल, नीरज कुमार, महेश पासवान, मोहम्मद राजा, गणेश पासवान, प्रीत पांडे, राजेश कुमार, संतोष लाल, प्रीति पांडे और सन्नी शर्मा सहित झरिया प्रेस क्लब के शैलेन्द्र जायसवाल, निरसा से इंद्रदेव प्रसाद एवं बड़ी संख्या में अन्य पत्रकार मुख्य रूप से शामिल हुए।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *