• Sun. Apr 19th, 2026

शुभम यादव हत्याकांड: शव पहुंचते ही दहाड़ मारकर रोई मां, मेयर का बड़ा खुलासा — मौत से पहले DGP को लिखा था खतरनाक अपराधियों का नाम

admin's avatar

Byadmin

Apr 19, 2026
crescent ad

 

 

कतरास ।सोनारडीह ओपी क्षेत्र में हुए चर्चित शुभम यादव हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। हत्या के दूसरे दिन जैसे ही मृतक का शव उनके सोनारडीह स्थित आवास पहुंचा, वहां गम और गुस्से का माहौल दिखा । देखते ही देखते घर के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों की चीख-पुकार और सिसकियों से पूरा माहौल गमगीन हो गया।मृतक के घर पर धनबाद के मेयर संजीव सिंह, उप मेयर अरुण चौहान और कथित झामुमो नेता कारू यादव पहुंचे। सभी ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान कारू यादव ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहयोग प्रदान कर मदद का हाथ बढ़ाया, जिससे परिवार को तत्काल राहत मिल सके।

इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए मेयर संजीव सिंह ने बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मृतक शुभम यादव ने अपनी हत्या से पहले राज्य के डीजीपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों को एक पत्र लिखा था, जिसमें क्षेत्र के कई खतरनाक अपराधियों के नामों का उल्लेख किया गया था। मेयर ने कहा कि यह पत्र बाघमारा क्षेत्र में सक्रिय अपराधी नेटवर्क की ओर संकेत करता है और इसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।

इसी दौरान जब असीत कुमार सिंह मृतक के घर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लेने अंदर गए, तो वहां का दृश्य बेहद मार्मिक हो गया। मृतक की मां कौशल्या देवी फूट-फूट कर रोने लगीं। सिसकियों के बीच उन्होंने थाना प्रभारी से कहा—

“साहब… हमारे कलेजे के टुकड़े को लौटा दो… हमारे लाल ने किसी का क्या बिगाड़ा था, जो उसे मार दिया… हमारे पुत्र के हत्यारे को जल्दी गिरफ्तार कर उसे कड़ी सजा दो साहब…”

मां की इस करुण पुकार को सुनकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं और पूरा माहौल शोक में डूब गया। थाना प्रभारी असीत कुमार सिंह ने कौशल्या देवी को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मेयर संजीव सिंह ने भी साफ शब्दों में कहा कि बाघमारा में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय बन चुकी हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि मृतक द्वारा लिखे गए पत्र में जिन नामों का जिक्र है, उनकी निष्पक्ष जांच कर जल्द दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि शुभम यादव को न्याय मिल सके और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बहाल हो सके।

इस सनसनीखेज खुलासे और मां के दर्द भरे विलाप के बाद पूरे बाघमारा इलाके में आक्रोश और बेचैनी बढ़ गई है। स्थानीय लोग लगातार दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। शुभम यादव हत्याकांड ने एक बार फिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं—अब हर नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी है।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *