
नबीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट
औरंगाबाद जिले के नवीनगर प्रखंड अंतर्गत टंडवा थाना पुलिस ने मारपीट एवं हत्या के प्रयास के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। मामला टंडवा थाना क्षेत्र के कर्मा लहंग गांव से जुड़ा है, जहां कुछ दिन पूर्व दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और मामला हत्या के प्रयास तक पहुंच गया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष द्वारा टंडवा थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने कांड संख्या दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। टंडवा थानाध्यक्ष अजय बहादुर सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कर्मा लहंग गांव में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान मामले में शामिल पांच आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में कुंदन कुमार, संतोष कुमार, सुनील कुमार, गोलू कुमार एवं अभिषेक कुमार शामिल हैं। सभी आरोपी कर्मा लहंग गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से थाना में पूछताछ की गई, जिसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में औरंगाबाद जेल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि मामले में अन्य बिंदुओं पर भी जांच जारी है तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। वहीं गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है।

There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
