
नबीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

औरंगाबाद जिला के नवीनगर प्रखंड के माली थाना क्षेत्र अंतर्गत जयहिंद तेंदुआ गांव में सोमवार को भीषण आगलगी की घटना से किसानों में हड़कंप मच गया। इस अगलगी में करीब 50 बीघा से अधिक क्षेत्र में लगी गेहूं की तैयार फसल जलकर पूरी तरह खाक हो गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। मिली जानकारी के अनुसार, जयहिंद तेंदुआ गांव के आहर के समीप खेतों में गेहूं की फसल लहलहा रही थी।

अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में बड़े क्षेत्र में फैली फसल जलकर नष्ट हो गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका।
वहीं, माली थाना की डायल 112 पुलिस टीम भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पीड़ित किसान विंध्याचल सिंह ने बताया कि इस आगलगी में उनके अलावा अजय सिंह, विनोद सिंह, रविंद्र सिंह, धनंजय सिंह, गुगन सिंह समेत कई किसानों की गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई है। इसके साथ ही खलिहान में रखे चना, मोटर का पाइप और पशुओं के लिए रखा गया पुआल भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गया।
किसानों ने यह भी बताया कि आग की चपेट में आकर वन विभाग द्वारा लगाए गए दर्जनों पेड़ भी जलकर नष्ट हो गए हैं। इस अगलगी से किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है ।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि उन्हें इस भारी नुकसान से राहत मिल सके।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
