
पंकज ठाकुर
बड़कागांव। बड़कागांव प्रखंड के गोंदलपुरा पंचायत अंतर्गत रूदी गांव में बादाम कोल खनन परियोजना को लेकर एक बार फिर माहौल गरमा गया। परियोजना के लिए पोटा केबिन स्थापित करने हेतु जगह चिह्नित करने पहुंची CISF की टीम को स्थानीय ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान CISF के जवानों और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। घटना के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

जानकारी के अनुसार, CISF की टीम अपने दल-बल के साथ पोटा केबिन के लिए संभावित स्थल का निरीक्षण करने क्षेत्र में पहुंची थी। इसकी सूचना जैसे ही गोंदलपुरा, बादम एवं आसपास के गांवों के ग्रामीणों को मिली, वे मौके पर पहुंच गए और टीम को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते तीखी नोकझोंक में बदल गई।

ग्रामीणों ने जताई कड़ी आपत्ति
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि CISF की जिम्मेदारी औद्योगिक प्रतिष्ठानों और परियोजना स्थलों की सुरक्षा एवं निगरानी करना है, न कि गांवों में पहुंचकर बिना ग्रामीणों की सहमति के निरीक्षण करना। ग्रामीणों ने इस कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि गांव में इस तरह की गतिविधियां उन्हें किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि CISF के जवानों का रवैया दबाव बनाने वाला था। इस पूरे घटनाक्रम से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा में है, जिसे लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।
‘जीते जी खनन परियोजना शुरू नहीं होने देंगे’
ग्रामीणों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बादाम कोल खनन परियोजना को लेकर रैयतों की आपत्तियों और चिंताओं को नजरअंदाज कर किसी भी तरह की गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनका कहना है कि वे अपनी जमीन और गांव के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट हैं और जीते जी अपनी सहमति के बिना खनन परियोजना शुरू नहीं होने देंगे।
CISF का पक्ष नहीं हो सका प्राप्त
मामले की वास्तविक स्थिति जानने के लिए CISF के संबंधित अधिकारियों से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। इस कारण खबर लिखे जाने तक CISF की ओर से घटना पर आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो पाई थी।
अब देखना यह होगा कि इस पूरे मामले में प्रशासन और परियोजना प्रबंधन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
