
झरिया। बस्ताकोला स्थित कुसुंडा क्षेत्र के विश्वकर्मा प्रोजेक्ट वर्कशॉप में कार्यस्थल पर बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति को देखकर गुरुवार को बीसीसीएल कल्याण परिषद के सदस्य भड़क उठे। पूर्व के निरीक्षण के दौरान चिह्नित किए गए जरूरी कार्यों के पूरा न होने से नाराज सदस्यों ने वर्कशॉप परिसर में ही जमीन पर बैठकर प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
निरीक्षण के दौरान जब परिषद के सदस्यों ने स्थानीय अधिकारियों से कार्यों में देरी का कारण पूछा, तो अधिकारियों ने मुख्यालय द्वारा बजट उपलब्ध न कराए जाने की बात कही। इस जवाब से परिषद सदस्य आक्रोशित हो गए। सदस्य के.के. सिंह ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि मुख्यालय के अधिकारी श्रमिकों की सुविधाओं को लेकर परिषद द्वारा दिए गए सुझावों पर अमल नहीं करेंगे, तो ऐसी परिषद को भंग कर देना ही बेहतर है। उन्होंने अधिकारियों पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिस वर्कशॉप में सात सौ से अधिक मजदूर काम कर कंपनी को करोड़ों रुपये का मुनाफा दे रहे हैं, वहां आज तक अदद शौचालय, कैंटीन, शेड, साफ-सफाई और शुद्ध पेयजल तक की समुचित व्यवस्था नहीं है।

प्रबंधन के रवैये से नाराज परिषद सदस्य संजीत सिंह, भवानी बंदोपाध्याय, एस.एस. डे, निताई महतो और अशोक कुमार साव ने अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान कर दिया। विरोध की सूचना मिलते ही परियोजना में कार्यरत अन्य मजदूर भी मौके पर जुट गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

मामले को बढ़ता देख कुसुंडा क्षेत्र के महाप्रबंधक बी. निखिल त्रिवेदी, कल्याण बोर्ड की एचओडी किरण रानी नायक, एपीएम योगिता, प्रबंधक अजय सिंह, देवाशीष बाग, वित्त अधिकारी सिकंदर खान, सिविल अधिकारी एस. कदम और परियोजना पदाधिकारी बी.के. पांडे मौके पर पहुंचे और जमीन पर बैठे सदस्यों को मनाने में जुट गए।
करीब तीन घंटे तक चले मान-मनौव्वल और वार्ता के बाद महाप्रबंधक ने परिषद के सुझावों पर आगामी मार्च माह से पहले सकारात्मक पहल करने का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद सदस्य धरने से उठे और मामला शांत हुआ।
इस दौरान सच्चिदानंद तिवारी, छोटू राम, विनय कुमार सिंह, नंदकिशोर नोनिया, रिंकू सिंह, बबलू सिंह, दीपक कुमार, पंकज दत्ता, जानिसार अख्तर और अनिल विश्वकर्मा सहित दर्जनों यूनियन नेता मौजूद रहे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
