
झरिया : देशभर में जहाँ एक ओर बाल दिवस के अवसर पर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, खेलकूद और उत्सव की बातें हो रही हैं, वहीं दूसरी ओर कोयलांचल की धरा झरिया में नन्हे-मुन्ने बच्चों को अपने जीने के सबसे बुनियादी अधिकार यानी ‘साफ हवा’ के लिए सड़क पर उतरना पड़ा। शनिवार को बाल दिवस के मौके पर सामाजिक संस्था ‘यूथ कॉन्सेप्ट’ के तत्वावधान में झरिया-कोयलांचल के बच्चों ने बढ़ते प्रदूषण के खिलाफ एक अनोखी और संवेदनशील पहल करते हुए सरकार और कोयला प्रबंधन से स्वच्छ वातावरण की मार्मिक अपील की। हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां थामे इन बच्चों ने अपनी मासूम आवाज में व्यवस्था को झकझोरते हुए कहा— “मेरी साँसें, मेरा हक है; बचपन न छीनो सरकार, साफ हवा का दो अधिकार।”
इस विरोध-प्रदर्शन और जागरूकता अभियान के दौरान बच्चों की पीड़ा साफ झलक रही थी। नन्हे बच्चों ने एक स्वर में कहा कि उन्हें बाल दिवस पर महंगे उपहार या खिलौने नहीं चाहिए, बल्कि उन्हें खुलकर सांस लेने के लिए स्वच्छ हवा और खेलने के लिए प्रदूषण मुक्त साफ मैदान चाहिए। बच्चों का कहना था कि कोयले की उड़ती धूल और जहरीले धुएं ने उनके बचपन की मुस्कान छीन ली है, जिससे उनका घर से बाहर निकलना और खेलना तक दूभर हो गया है।

कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे ‘यूथ कॉन्सेप्ट’ के अखलाक अहमद ने इस गंभीर स्थिति के लिए सीधे तौर पर कोयला प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि भारत सरकार की मिनी रत्न कंपनी बीसीसीएल द्वारा झरिया और आसपास के कोयलांचल क्षेत्र में जानबूझकर प्रदूषण फैलाया जा रहा है और खनन कार्य निर्धारित सुरक्षा व पर्यावरण मानकों के बिल्कुल विरुद्ध किए जा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि बीसीसीएल कोयला उत्पादन का लक्ष्य हासिल करने में तो पूरी ताकत झोंक देती है, लेकिन प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का पालन करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। कोयले की बेलगाम धूल, जहरीला धुआं और जगह-जगह हो रही अवैध डंपिंग के कारण स्थानीय आबादी, विशेषकर छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर बेहद बुरा असर पड़ रहा है और वे गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
इस अवसर पर ‘यूथ कॉन्सेप्ट’ और बच्चों की ओर से सरकार एवं प्रशासन के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखी गईं। इसमें बीसीसीएल द्वारा खनन और परिवहन में प्रदूषण नियंत्रण के सभी मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने, पूरे झरिया-कोयलांचल क्षेत्र में फैल रहे प्रदूषण और अवैध डंपिंग पर अविलंब रोक लगाने तथा क्षेत्र के बच्चों के लिए स्वच्छ हवा, शुद्ध पेयजल और एक सुरक्षित बचपन की गारंटी देने की मांग शामिल है।
इस मार्मिक अपील और जागरूकता कार्यक्रम में अब्दुल हक अर्सी, मोहम्मद, अबू जैफा, तहा इकबाल, अहमद और हम्माद सहित कई अन्य बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी बुलंद आवाज से प्रशासन का ध्यान इस विकराल समस्या की ओर आकृष्ट किया।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
