
सरायकेला – नगर पंचायत सरायकेला बोर्ड की तृतीय बैठक गुरुवार को नगर पंचायत अध्यक्ष श्री मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में नगर पंचायत कार्यालय सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में उपाध्यक्ष श्री अविनाश कवि, कार्यपालक पदाधिकारी श्री विपुल सनी, विद्युत विभाग कनीय अभियंता एवं सहायक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कनीय अभियंता नगर पंचायत के अभियंता नगर प्रबंधक नगर मिशन मैनेजर तथा वार्ड पार्षद उत्तम मोहंती, विक्रम मोदक, ज्योति साहू, सुषमा तियू, गौतम नायक, बबीता कामिला, सविता पटनायक, वरुण साहू, शांति गोडसेरा एवं अंजलि राय सहित सभी सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में पिछली बोर्ड बैठकों के प्रस्तावों एवं उनके अनुपालन की समीक्षा की गई तथा नगर विकास एवं जनहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श कर सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए।

बरसात के मौसम को देखते हुए डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया सहित अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए पूरे नगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर फॉगिंग एवं लार्वा नाशक रसायनों का नियमित छिड़काव कराने का निर्णय लिया गया। साथ ही सभी वार्डों में स्वच्छता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जलजमाव वाले स्थानों की नियमित निगरानी करने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में वार्ड संख्या 3, 6 एवं 10 में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान हेतु राइजिंग पाइप लाइन के माध्यम से जलापूर्ति व्यवस्था विकसित करने तथा इस संबंध में आवश्यक प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजने का निर्णय लिया गया।
नगर क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण एवं यातायात जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, चैंबर ऑफ कॉमर्स एवं अन्य संबंधित हितधारकों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित कर समन्वित कार्ययोजना तैयार करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में वर्तमान बस स्टैंड को साप्ताहिक हाट परिसर बनाने और साप्ताहिक हाट परिसर नदी किनारे स्थानांतरित करने, वार्डों में आवश्यकता अनुसार सामुदायिक भवन निर्माण के लिए विभाग को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया।
विद्युत व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विद्युत विभाग को सभी वार्डों में संबंधित वार्ड पार्षदों के साथ संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार नए विद्युत पोल लगाने, जर्जर विद्युत लाइनों के सुधार तथा स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया।
नगर पंचायत कार्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था एवं जनसेवा को अधिक प्रभावी बनाने के लिए उपलब्ध मानव बल की समीक्षा करते हुए दो कार्यालय सहायक एवं एक विद्युत मिस्त्री को संविदा पर नियुक्त करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में नगर क्षेत्र के तीन तालाबों एवं चार पार्कों की बंदोबस्ती कर उनके बेहतर रख-रखाव, संरक्षण, सौंदर्यीकरण एवं नागरिक सुविधाओं के विकास हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का भी निर्णय लिया गया।
इसके अतिरिक्त बोर्ड द्वारा नगर पंचायत की आय में वृद्धि, स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को सुदृढ़ करने, नगर संपत्तियों की सुरक्षा, सीसीटीवी आधारित निगरानी व्यवस्था, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विभिन्न वार्डों से प्राप्त जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के संबंध में भी आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष श्री मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि नगर पंचायत का उद्देश्य केवल विकास योजनाओं को स्वीकृत करना नहीं, बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत एवं यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। सभी विभागों के समन्वय एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से सरायकेला को एक स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं नागरिक-अनुकूल नगर बनाने के लिए नगर पंचायत निरंतर कार्य करती रहेगी।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
