
नबीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट
औरंगाबाद जिला के नवीनगर प्रखंड मुख्यालय स्थित कार्यालय में सशक्त स्थायी समिति का चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। चुनाव में नगर पंचायत के वार्ड पार्षदों ने सर्वसम्मति से तीन सदस्यों पर अपना विश्वास जताते हुए अजय प्रसाद, रितेश कुमार उर्फ मुरारी सिंह एवं मंजूषा सिंह को पुनः सशक्त स्थायी समिति का सदस्य निर्वाचित किया। तीनों नवनिर्वाचित सदस्य पूर्व में भी समिति में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं।

उनके अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए वार्ड पार्षदों ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया। चुनाव के बाद नगर पंचायत परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद नगर पंचायत अध्यक्षा प्रियंका सिंह ने तीनों नवनिर्वाचित सदस्यों को माला पहनाकर स्वागत किया और उन्हें बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सशक्त स्थायी समिति नगर पंचायत का सबसे महत्वपूर्ण अंग होती है।

नगर के विकास से जुड़ी योजनाओं की स्वीकृति, टेंडर पास करने तथा बजट पर अंतिम मुहर लगाने जैसे महत्वपूर्ण दायित्व इसी समिति के जिम्मे होते हैं। अध्यक्षा प्रियंका सिंह ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि समिति के सदस्य जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करेंगे और नगर के विकास को नई गति प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि नगरवासियों की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। वहीं नवनिर्वाचित सदस्यों ने पार्षदों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है,
उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि बिपिन सिंह ने भी तीनों सदस्यों को पुनः निर्वाचित होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि अनुभवी सदस्यों के पुनः चयन से नगर पंचायत के विकास कार्यों को और मजबूती मिलेगी तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी। इस अवसर पर डीसीएलआर श्वेतांक लाल, कार्यपालक पदाधिकारी बिजेंद्र कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण सिंह, अंचलाधिकारी निकहत परवीन सहित नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने नवगठित समिति से नगर हित में बेहतर कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
