
धनबाद। धनबाद जिले में खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं और अंतरराष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने की दिशा में झरिया विधायक रागिनी सिंह ने पहल की है। विधायक ने पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के प्रधान सचिव मुकेश कुमार से मुलाकात कर धनबाद में अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण तथा झरिया विधानसभा क्षेत्र के जामाडोबा डीएवी कॉलेज के समीप मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण की मांग रखी।
विधायक ने प्रधान सचिव को सौंपे पत्र में कहा कि धनबाद जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जिले से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। इसके बावजूद जिले में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम और खिलाड़ियों के लिए पर्याप्त आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। इस कारण स्थानीय स्तर पर प्रतिभाओं को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है और खेल प्रेमियों को भी पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पाती हैं।

उन्होंने कहा कि धनबाद राज्य के मध्य क्षेत्र में स्थित महत्वपूर्ण जिला है तथा यहां आवागमन की भी बेहतर सुविधा उपलब्ध है। ऐसे में धनबाद में अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण किया जाना पूरी तरह उपयुक्त होगा। स्टेडियम बनने से जिले में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिताओं के आयोजन का मार्ग प्रशस्त होगा तथा स्थानीय खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

जामाडोबा में मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की भी मांग
रागिनी सिंह ने झरिया विधानसभा क्षेत्र के जामाडोबा डिग्री कॉलेज के समीप मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण का प्रस्ताव भी प्रधान सचिव मुकेश कुमार के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि झरिया क्षेत्र में बड़ी संख्या में युवा खेलों से जुड़े हैं और यहां खेल प्रतिभाओं की भरमार है, लेकिन समुचित खेल आधारभूत संरचना के अभाव में खिलाड़ियों को अभ्यास एवं प्रशिक्षण के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
विधायक ने कहा कि जामाडोबा में मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण होने से क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर एवं आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी और स्थानीय प्रतिभाओं को राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
विधायक रागिनी सिंह ने प्रधान सचिव से दोनों महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सकारात्मक पहल करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि धनबाद में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और जामाडोबा में मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण जिले के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इससे खिलाड़ियों को सुविधाएं मिलने के साथ-साथ धनबाद को खेल के क्षेत्र में नई पहचान भी मिलेगी।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
