
गोविंदपुर (धनबाद):
गोविंदपुर प्रखंड के गोसाईंडीह गांव निवासी और धनबाद पब्लिक स्कूल (केजी आश्रम) के मेधावी छात्र रहे प्रणय गिरि ने अपनी असाधारण प्रतिभा से पूरे राज्य में धनबाद का नाम रोशन किया है। शनिवार को रांची में आयोजित भव्य झारखंड स्थापना दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सीबीएसई मैट्रिक परीक्षा 2026 के झारखंड स्टेट टॉपर प्रणय गिरि को मंच पर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रणय को प्रोत्साहन स्वरूप तीन लाख रुपये का चेक, एक लैपटॉप, एक मोबाइल फोन एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उल्लेखनीय है कि सीबीएसई क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा जारी परिणामों में प्रणय गिरि को झारखंड का स्टेट टॉपर घोषित किया गया था। प्रणय एक साधारण और शैक्षणिक परिवेश वाले परिवार से आते हैं। उनके पिता मनोज कुमार गिरि पूर्वी टुंडी स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, चूरूरिया में सहायक शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं, जबकि माता अनिता गिरि एक कुशल गृहिणी हैं। साथ ही वे वरिष्ठ पत्रकार अशोक गिरि के भतीजे हैं।”


ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर राज्य स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल करने की प्रणय की यह यात्रा क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।
प्रणय की इस ऐतिहासिक सफलता और मुख्यमंत्री के हाथों मिले सम्मान से पूरे गोविंदपुर प्रखंड और धनबाद जिले में हर्ष का माहौल है। गोविंदपुर प्रखंड प्रमुख निर्मला सिंह तथा डीएन सिंह ने प्रणय को बधाई देते हुए कहा कि एक ग्रामीण क्षेत्र के छात्र की यह सफलता पूरे प्रखंड और जिले के लिए अत्यंत गौरव की बात है।

वहीं, धनबाद पब्लिक स्कूल (केजी आश्रम) की प्राचार्य शारदा महाजन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विद्यालय के इतिहास की एक अभूतपूर्व उपलब्धि बताया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से शिक्षा विकास ट्रस्ट के अध्यक्ष राम प्रसाद कटेसरिया, सचिव शैलेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष दीपक बंसल, डीपीएस सचिव एसके पसारी तथा कोषाध्यक्ष बलराम अग्रवाल ने प्रणय और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रणय ने अपनी कड़ी मेहनत से विद्यालय का मान बढ़ाया है। इसके अतिरिक्त नागरिक समिति के अध्यक्ष नंदलाल अग्रवाल, संरक्षक शंभूनाथ अग्रवाल, जया कुमार एवं शरत दुदानी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों ने भी इस ग्रामीण प्रतिभा की सफलता पर खुशी जाहिर की है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
