
रांची/धनबाद। झरिया विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही बिजली की समस्या और अनियमित विद्युत आपूर्ति का मुद्दा झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान झरिया विधायक रागिनी सिंह ने जोरदार तरीके से उठाया। विधायक ने सदन में झरिया क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ-साथ आवश्यक आधारभूत संरचनाओं को जल्द पूरा कराने की मांग की, ताकि आम लोगों को लगातार हो रही परेशानी से राहत मिल सके।
विधायक रागिनी सिंह ने सदन में कहा कि झरिया विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार ट्रांसफार्मर खराब होने, विद्युत आपूर्ति बाधित होने और पर्याप्त संसाधनों के अभाव के कारण लोगों की दैनिक जिंदगी प्रभावित हो रही है। उन्होंने सरकार एवं बिजली विभाग से झरिया क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और विद्युत आपूर्ति को नियमित करने की मांग की।

भागा में सबस्टेशन निर्माण के लिए आवंटित जमीन जल्द कराई जाए अतिक्रमण मुक्त

विधायक ने झरिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत भागा में प्रस्तावित विद्युत सबस्टेशन का मुद्दा भी सदन में उठाया। उन्होंने बताया कि भागा में बिजली सबस्टेशन के निर्माण के लिए जमीन का आवंटन पहले ही किया जा चुका है, लेकिन विभाग द्वारा अब तक उक्त जमीन को अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया गया है। इसके कारण सबस्टेशन का निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि भागा में विद्युत सबस्टेशन के लिए आवंटित भूमि को जल्द से जल्द अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि निर्माण कार्य शुरू होकर समय पर पूरा हो सके। विधायक ने कहा कि भागा में सबस्टेशन का निर्माण होने से आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और लंबे समय से बिजली संकट झेल रहे लोगों को काफी राहत मिल सकेगी।
विधायक मद से उपलब्ध ट्रांसफार्मर ट्रॉली के उपयोग पर भी उठाए सवाल
विधायक रागिनी सिंह ने सदन में ट्रांसफार्मर खराब होने की स्थिति में तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए उपलब्ध दो ट्रांसफार्मर ट्रॉली का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इनमें से एक ट्रॉली बिजली विभाग के पास है, जबकि दूसरी ट्रांसफार्मर ट्रॉली विधायक मद से झरिया क्षेत्र की जनता की सुविधा के लिए उपलब्ध कराई गई थी।
विधायक ने सदन में कहा कि विधायक मद से जनता के लिए उपलब्ध कराई गई ट्रांसफार्मर ट्रॉली का उपयोग कथित रूप से निजी कार्यों में किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त ट्रॉली को बिजली विभाग के पास होना चाहिए था, ताकि झरिया क्षेत्र में कहीं ट्रांसफार्मर खराब होने पर तत्काल उसका इस्तेमाल कर विद्युत आपूर्ति बहाल की जा सके। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जनता की सुविधा के लिए उपलब्ध कराई गई ट्रॉली अभी तक बिजली विभाग को सुपुर्द क्यों नहीं की गई है और उसका उपयोग पूर्व विधायक के नाम से क्यों किया जा रहा है।
सरकारी संसाधनों के उपयोग की निष्पक्ष जांच की मांग
रागिनी सिंह ने कहा कि एक ओर झरिया की जनता बिजली संकट से परेशान है और दूसरी ओर पर्याप्त सरकारी संसाधनों का अभाव बना हुआ है। ऐसे में यदि जनहित में उपलब्ध कराए गए सरकारी संसाधन का निजी कार्यों में इस्तेमाल किया जा रहा है तो यह गंभीर विषय है।
उन्होंने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की तथा यह सुनिश्चित करने को कहा कि विधायक मद एवं सरकारी मद से उपलब्ध कराए गए सभी संसाधनों का उपयोग केवल जनहित में हो।
विधायक ने कहा कि झरिया की जनता को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने सरकार और बिजली विभाग से झरिया विधानसभा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था की समग्र समीक्षा कराने, आवश्यक ट्रांसफार्मर एवं संसाधन उपलब्ध कराने, भागा सबस्टेशन की जमीन को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराने तथा सबस्टेशन निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि भागा में सबस्टेशन के निर्माण सहित अन्य आवश्यक विद्युत परियोजनाएं पूरी होने से झरिया विधानसभा क्षेत्र की बिजली व्यवस्था मजबूत होगी और वर्षों से बिजली संकट झेल रहे हजारों उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
