
खरसावां प्रखंड के सतीकुदर निवासी जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदार करम सिंह बोदरा (55) की शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे में उनके साथ बाइक पर सवार दो नाती निखिल बोदरा एवं बिरज सिंह बोदरा भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज खरसावां के निजी नर्सिंग होम में चल रहा है। मृतक करम सिंह बोदरा, स्व. प्रकाश बोदरा के पुत्र थे। घायल नाती निखिल बोदरा एवं बिरज सिंह बोदरा आदर्श ग्लोबल पब्लिक स्कूल, देहड़डीह में क्रमशः कक्षा दो और कक्षा तीन के छात्र हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, करम सिंह बोदरा शुक्रवार को अपनी हीरो सुपर स्प्लेंडर बाइक संख्या जेएच 06 पी 2306 से खरसावां प्रखंड परिसर स्थित राज्य खाद्य निगम (एसएफसी) गोदाम से अपनी पीडीएस दुकान का राशन लेने गए थे। राशन उठाने के बाद वे देहड़डीह स्थित आदर्श ग्लोबल पब्लिक स्कूल पहुंचे और वहां से अपने दोनों नातियों को बाइक पर लेकर सतीकुदर लौट रहे थे। बताया गया कि करम सिंह बाइक से आगे चल रहे थे, जबकि उनकी पीडीएस दुकान का राशन लदा मिनी ट्रक पीछे आ रहा था।

इसी दौरान खरसावां के बनाइकेला चौक के समीप एक अनियंत्रित वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद करीब 70 क्विंटल राशन लदा 407 वाहन भी अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। दुर्घटना में करम सिंह बोदरा और उनके दोनों नाती गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को खरसावां के एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद करम सिंह बोदरा को मृत घोषित कर दिया। निखिल बोदरा के सिर और पैर में तथा बिरज सिंह बोदरा के सिर और हाथ में चोट लगी है। दोनों का इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलने के बाद खरसावां पुलिस निजी नर्सिंग होम पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेज दिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस वाहन को घेर लिया और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने तथा दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पीडीएस जिला अध्यक्ष फुलकांत झा ने परिजनों को दिया ढांढस
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीडीएस के जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता, पूर्व जिला उपाध्यक्ष फुलकांत झा सतीकुदर गांव पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वे पीड़ित परिवार के साथ हैं और परिवार को हरसंभव सहयोग दिलाने के लिए सरकार और प्रशासन के स्तर पर प्रयास किया जाएगा।
फुलकांत झा ने माननीय खरसावां विधायक दशरथ गागराई, खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा, सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त (डीसी) महोदय तथा माननीय स्वास्थ्य मंत्री एवं खाद्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से विशेष रूप से आग्रह करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार की स्थिति को देखते हुए तत्काल सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री से भी इस मामले पर विशेष ध्यान आकर्षित कराते हुए मृतक पीडीएस डीलर के परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता/मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने सरकार से यह भी मांग की कि दुर्घटना में घायल मृतक के नाती सहित परिवार के अन्य घायल सदस्यों का सरकारी स्तर पर समुचित एवं निःशुल्क इलाज कराया जाए तथा पीड़ित परिवार को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के तहत हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
इस मौके पर पीडीएस के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देव प्रकाश देवता एवं क्रोध नायक मुख्य रूप से मौजूद रहे।दोनों ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और कहा कि दुख की इस घड़ी में संगठन परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, घायलों के बेहतर इलाज तथा परिवार को आवश्यक सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
सूचना पट के अनुसार
मृतक करम सिंह बोदरा की पीडीएस दुकान ग्राम सतीकुदर, पंचायत दलाइकेला, प्रखंड खरसावां, जिला सरायकेला-खरसावां में स्थित है। सूचना पट पर दुकान की अनुज्ञप्ति संख्या 60/91 दर्ज है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
