
नो मैपिंग मामलों एवं फॉर्म-6 के नए मतदाताओं के घर पहुंचकर किया सत्यापन; लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन एवं शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश…
त्रुटिरहित एवं शुद्ध मतदाता सूची के निर्माण में आमजनों से सहयोग की अपील; नए मतदाताओं को चुनावी पाठशाला एवं मतदाता पंजीकरण की दी गई जानकारी…

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के आलोक में संचालित एसआईआर-2026 के तहत आज कोल्हान आयुक्त, सिंहभूम, चाईबासा-सह-रोल ऑब्जर्वर श्री रवि रंजन कुमार विक्रम (भा.प्र.से.) द्वारा जिले के 51-सरायकेला एवं 57-खरसावां विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न मतदान केंद्रों के अंतर्गत मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की सुपर चेकिंग एवं स्थलीय सत्यापन किया गया।

इस दौरान रोल ऑब्जर्वर द्वारा नो मैपिंग से संबंधित मामलों एवं फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने हेतु आवेदन करने वाले नए मतदाताओं के घर जाकर स्थलीय सत्यापन किया गया। नो मैपिंग श्रेणी में शामिल मतदाताओं से प्रत्यक्ष संवाद कर यह जानने का प्रयास किया गया कि उनका नाम इस श्रेणी में किन कारणों से आया है तथा उनके पूर्ववर्ती मतदाता विवरण एवं मैपिंग से संबंधित क्या स्थिति है। इस क्रम में उपलब्ध दस्तावेजों एवं संबंधित जानकारियों का भी अवलोकन किया गया।
वहीं, फॉर्म-6 के आवेदकों से संवाद कर उनके आवेदन एवं मतदाता पंजीकरण से संबंधित जानकारी का सत्यापन किया गया। नए मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम पंजीकरण की प्रक्रिया, मतदान के महत्व एवं निर्वाचन संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई। साथ ही, चुनावी पाठशाला के माध्यम से मतदाता जागरूकता एवं निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित गतिविधियों की जानकारी प्रदान की गई।
सुपर चेकिंग के दौरान संबंधित बीएलओ से भी नो मैपिंग मामलों की स्थिति, मतदाताओं से किए गए संपर्क एवं सत्यापन की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
सुपर चेकिंग के क्रम में कोल्हान आयुक्त-सह-रोल ऑब्जर्वर ने संबंधित निर्वाचन पदाधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिया कि नो मैपिंग श्रेणी में शामिल प्रत्येक मतदाता से संपर्क स्थापित कर उसका कारण जानें तथा संबंधित दस्तावेजों एवं उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर नियमानुसार सत्यापन सुनिश्चित करें। जिन मामलों में मतदाताओं से संपर्क अथवा आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन शेष है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि नो मैपिंग, फॉर्म-6 एवं अन्य लंबित मामलों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें। किसी भी पात्र नागरिक को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रखा जाए तथा शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही, यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं बीएलओ को क्षेत्र में सक्रिय रहकर मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने, सत्यापन से संबंधित लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। मतदाता सूची में दर्ज विवरणों की शुद्धता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्रत्येक मामले का नियमानुसार समुचित सत्यापन करने को कहा।
इस अवसर पर आम नागरिकों से अपील की गई कि वे मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करें। जिन नागरिकों को सत्यापन अथवा नोटिस से संबंधित सूचना प्राप्त हुई है, वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित बीएलओ को सही जानकारी एवं आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं। साथ ही, नए एवं युवा पात्र मतदाता फॉर्म-6 के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने हेतु आवेदन करें।
मौके पर उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा, पुलिस अधीक्षक श्री मनोज सर्वांगियारी, अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह, संबंधित एईआरओ, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
