
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल वन क्षेत्र के अधीन कुकड़ू प्रखंड में जंगली हाथियों का उत्पात अब हाथी-मानव संघर्ष का रूप ले चुका है। हाथियों का झुंड जंगल से उतरकर ग्रामीण क्षेत्र में प्रवेश कर रहा है, जिससे भय का माहौल है।
इसी बीच गुरुवार की देर रात करीब दो बजे एक जंगली हाथी ने कुकड़ू हाटटोला में जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने लुबू कुमार की राशन दुकान की दीवार तोड़कर दुकान में रखे खाद्य पदार्थों को अपना निवाला बनाया और पैरों तले बर्बाद कर दिया।

जानकारी के अनुसार, देर रात जंगल से उतरकर भोजन-पानी की तलाश में गांव में प्रवेश करके हाथी ने पहले दुकान की दीवार को तोड़ा और फिर अंदर रखी सामग्री तक पहुंच गया। हाथी ने दुकान में रखे चावल, आटा, आलू, मैदा की बोरियां खा लीं, इसके अलावा दुकान में रखी चीनी को भी चट कर गया। सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचा, तो क्षतिग्रस्त दीवार और बिखरे सामान को देखकर नुकसान का अंदाजा लगाया गया। इस घटना से दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

*हाथी आने की सूचना थी, फिर भी बेबस रहे ग्रामीण*
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, हाथी के इलाके में पहुंचने की सूचना पहले ही मिल गई थी। इसके बावजूद ग्रामीण उसे भगाने के लिए कोई कदम नहीं उठा सके। ग्रामीणों का कहना है कि उस समय उनके पास न तो पर्याप्त रोशनी के लिए टॉर्च थी और न ही हाथी को भगाने के लिए पटाखे उपलब्ध थे। ऐसे में अंधेरे में हाथी के सामने जाने का जोखिम उठाना संभव नहीं था। ग्रामीणों ने किसी तरह सुरक्षित दूरी बनाकर रात गुजारी। गनीमत रही कि हाथी के उत्पात के दौरान कोई व्यक्ति उसकी चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
*हाथियों के आतंक के बीच सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी*
इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली हाथियों से सुरक्षा की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाथियों के गांवों में प्रवेश करने से कभी घरों को नुकसान पहुंच रहा है तो कभी दुकानें और खेत निशाने पर आ रहे हैं। रात के समय हाथियों की आवाजाही ग्रामीणों के लिए सबसे बड़ी चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के आने की सूचना मिलने के बाद भी उन्हें तत्काल सुरक्षा और मदद के पर्याप्त साधन उपलब्ध नहीं हो पाते हैं। ऐसे में ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर हाथियों को भगाने की स्थिति में नहीं रहते।
ग्रामीणों के अनुसार, चांडिल वन क्षेत्र पदाधिकारी कार्यालय द्वारा ग्रामीणों को सुरक्षा की कोई सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जाती है। सूचना देने के बावजूद वन विभाग और वनकर्मी मौन बने रहते हैं। लगातार हाथियों का झुंड भोजन-पानी की तलाश में जंगल से भटककर गांव में पहुंच जाता है और उत्पात मचाने लगता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि हाथी बहुल क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी से बालू उठाव और जंगल से जीरो पर एनओसी मिलने के कारण माफिया द्वारा बालू का भंडारण किया जा रहा है, जिससे हाथी जंगल से भागकर गांव के आसपास के जंगल में डेरा डाले हुए हैं और उत्पात मचा रहे हैं। इसी कारण ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।
ग्रामीण अब ईश्वर के भरोसे जीवन गुजारने लगे हैं। हाथी का झुंड कब मौत बनकर आंगन में खड़ा हो जाए, इसका कोई भरोसा नहीं है। हाथी के डर से ग्रामीण शाम ढलते ही सोने से डरते हैं और सुबह का इंतजार करने लगते हैं। प्रत्येक रात बीत जाने पर सुबह नए जीवन का एहसास होता है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने, संवेदनशील गांवों में रात्रि गश्ती बढ़ाने, हाथी भगाने के लिए टॉर्च एवं अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने तथा प्रभावित दुकानदार को हुए नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं किए गए तो आने वाले दिनों में हाथियों के उत्पात से किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता।*
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
